संघ का काम पूरे देश के लिए, विरोध के लिए नहीं… RSS के 100 वर्ष कार्यक्रम में बोले मोहन भागवत

डिजिटल डेस्क- मुंबई में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की यात्रा के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित ‘नए क्षितिज’ कार्यक्रम में RSS प्रमुख मोहन भागवत ने संघ की विचारधारा और भूमिका पर विस्तार से बात की। उन्होंने साफ कहा कि RSS किसी के खिलाफ नहीं है और न ही उसका उद्देश्य सत्ता या लोकप्रियता हासिल करना है। संघ अपना काम बिना किसी का विरोध किए, पूरे देश के हित में करता है। इस दौरान मोहन भागवत ने कांग्रेस की स्थापना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने कांग्रेस की स्थापना एक “सेफ्टी वाल्व” के रूप में की थी, लेकिन भारतीयों ने उसे स्वतंत्रता संग्राम का एक शक्तिशाली औजार बना दिया। उन्होंने यह भी कहा कि संघ का गठन किसी संगठन के विरोध या प्रतिस्पर्धा में नहीं हुआ था और न ही यह किसी परिस्थिति की प्रतिक्रिया में बना।

आरएसएस का कार्य दुनिया में सबसे अनोखा कार्य

संघ प्रमुख ने कहा कि RSS का कार्य दुनिया में अनोखा है। पहले यह बात सिर्फ जानकारी के आधार पर कही जाती थी, लेकिन अब इसे प्रत्यक्ष अनुभव किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के पांचों महाद्वीपों से लोग संघ की गतिविधियों को समझने आते हैं, अध्ययन करते हैं और सवाल पूछते हैं। अंत में लगभग हर जगह से आने वाला एक ही सवाल होता है क्या यह तरीका आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रासंगिक है? मोहन भागवत ने कहा कि संघ की तुलना अक्सर दूसरे संगठनों, संस्थानों या राजनीतिक दलों से की जाती है, जिससे कई बार गलतफहमियां पैदा होती हैं। लोग संघ की शाखाएं, मार्च और अनुशासन देखते हैं और उसे अर्धसैनिक संगठन समझ लेते हैं, जबकि ऐसा नहीं है। स्वयंसेवक लाठी चलाना सीखते हैं, लेकिन संघ कोई कुश्ती का अखाड़ा नहीं है। संघ का काम खुद के लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज और देश के लिए है।

आरएसएस भारतीय परंपराओं को आगे बढ़ाता है- भागवत

उन्होंने यह भी कहा कि RSS भारतीय परंपराओं के आधार पर संगीत और गीतों के जरिए संस्कारों को आगे बढ़ाता है। सौ साल बाद भी संघ वही संदेश दोहरा रहा है कि उसका उद्देश्य राष्ट्र निर्माण है, न कि किसी का विरोध। इस कार्यक्रम में उद्योग जगत, फिल्मी दुनिया और अन्य क्षेत्रों की कई नामचीन हस्तियां शामिल हुईं। उद्योगपतियों में राधाकृष्ण दमानी, अजय पीरामल, दीपक पारेख, सज्जन जिंदल और आशीष कुमार चौहान मौजूद रहे। वहीं फिल्म जगत से सलमान खान, हेमा मालिनी, बोनी कपूर, रोनी स्क्रूवाला, नितेश तिवारी और अदनान सामी सहित कई हस्तियों ने शिरकत की। इसके अलावा इजराइल, ब्रिटेन और इटली के राजनयिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *