एपस्टीन फाइल्स में नाम आने के दावों पर दलाई लामा की सख्त सफाई, कहा— कोई संबंध नहीं….

डिजिटल डेस्क- अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट द्वारा यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक किए जाने के बाद दुनिया भर में हलचल तेज हो गई है। इन दस्तावेजों में कई वैश्विक नेताओं, उद्योगपतियों और चर्चित हस्तियों के नाम सामने आने के दावे किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कुछ रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स में तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा का नाम सामने आने की चर्चा ने विवाद खड़ा कर दिया। दावों में कहा गया कि एपस्टीन फाइल्स में दलाई लामा का नाम 100 से अधिक बार दर्ज है और उनके संपर्क को लेकर सवाल उठाए गए। हालांकि, इन दावों के सामने आते ही दलाई लामा के कार्यालय ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है।

जारी किया आधिकारिक बयान

हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित दलाई लामा के कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस बयान में कहा गया है कि परम पावन 14वें दलाई लामा का अमेरिकी यौन अपराधी और मानव तस्कर जेफ्री एपस्टीन से किसी भी तरह का कोई संबंध नहीं रहा है। बयान में स्पष्ट शब्दों में कहा गया कि दलाई लामा न तो कभी जेफ्री एपस्टीन से मिले हैं और न ही उन्होंने किसी प्रतिनिधि को उनसे मिलने या संवाद करने की अनुमति दी है। कार्यालय ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स बिना तथ्यों की पुष्टि किए दलाई लामा को एपस्टीन से जोड़ने की कोशिश कर रही हैं, जो पूरी तरह भ्रामक, आधारहीन और तथ्यहीन हैं। बयान में लोगों से अपील की गई है कि वे अपुष्ट खबरों और अफवाहों पर भरोसा न करें।

चर्चित हस्तियों के नाम आने से छिड़ी बहस

एपस्टीन फाइल्स अमेरिकी सरकार द्वारा जारी किए गए जेफ्री एपस्टीन से जुड़े लाखों दस्तावेजों का संग्रह हैं। इनमें ई-मेल, फोटो, वीडियो, नोट्स और अन्य रिकॉर्ड शामिल हैं, जो एपस्टीन और उसके कथित नेटवर्क से संबंधित बताए जा रहे हैं। इन फाइलों के सार्वजनिक होने के बाद से दुनिया भर में कई चर्चित हस्तियों को लेकर बहस छिड़ गई है। जेफ्री एपस्टीन न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन का रहने वाला था और उसके संबंध कई बड़े नेताओं, बिजनेस टाइकून और सेलिब्रिटीज से बताए जाते हैं। उस पर पहली बार वर्ष 2005 में यौन शोषण और मानव तस्करी से जुड़े आरोप लगे थे। इसके बाद 2008 में उसे जेल भेजा गया था, हालांकि उस समय उसे अपेक्षाकृत हल्की सजा मिली थी।

डोनाल्ड ट्रंप, बिल क्लिंटन समेत कई लोगों के हैं नाम

वर्ष 2019 में एपस्टीन को एक बार फिर सेक्स ट्रैफिकिंग के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया गया। लेकिन जेल में रहते हुए उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसे आधिकारिक तौर पर आत्महत्या बताया गया। उसकी मौत के बाद भी यह मामला ठंडा नहीं पड़ा और वर्षों तक जांच व कानूनी प्रक्रिया चलती रही। एपस्टीन की पहचान हाई-प्रोफाइल पार्टियों और निजी जेट यात्राओं के लिए भी रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार इन आयोजनों में कई नामचीन हस्तियां शामिल हुआ करती थीं। अब तक सामने आए दस्तावेजों और मीडिया रिपोर्ट्स में वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंग, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, बिल क्लिंटन, पॉप स्टार माइकल जैक्सन समेत कई बड़े नामों का उल्लेख किया गया है। हालांकि, नाम आने मात्र से किसी पर अपराध सिद्ध नहीं होता, यह बात जांच एजेंसियां भी बार-बार दोहरा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *