19वीं राष्ट्रीय जंबूरी का भव्य समापन आज, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी मुख्य अतिथि, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

KNEWS DESK- भारत स्काउट एंड गाइड की 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी शुक्रवार को भव्य समापन की ओर बढ़ रही है। इस ऐतिहासिक समारोह की शान बढ़ाने के लिए देश की राष्ट्रपति एवं संगठन की संरक्षक द्रौपदी मुर्मू बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। लगभग 90 मिनट तक वह स्काउट्स और गाइड्स के बीच उपस्थित रहेंगी। राष्ट्रपति के स्वागत में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।

मुख्यायुक्त प्रभात कुमार के अनुसार, राष्ट्रपति का आगमन अपराह्न 3:30 बजे प्रस्तावित है। समारोह में देशभर के राज्यों के साथ-साथ सेंट्रल रेलवे और विदेशी स्काउट–गाइड्स भी भाग लेंगे। सभी दल अपने पारंपरिक परिधानों में विविधतापूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके बाद मार्च–पास्ट और कलर पार्टी के दौरान 15,000 प्रतिभागी राष्ट्रीय संगीत की धुन पर राष्ट्रपति को सलामी देंगे।

दिल्ली विस्फोट की घटना के बाद कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा को अभूतपूर्व रूप से बढ़ा दिया गया है। पूरे 350 एकड़ के परिसर में विशेष सुरक्षा टीम ने निरीक्षण किया है। अंदर और बाहर की गतिविधियों पर AI-सक्षम ड्रोन के माध्यम से लगातार नजर रखी जाएगी। कार्यक्रम शुरू होने से एक घंटा पहले आम प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। मुख्य द्वार से केवल विशेष अतिथियों का प्रवेश होगा, जबकि अन्य गेट स्काउट–गाइड्स और अधिकारियों के लिए निर्धारित किए गए हैं।

समापन समारोह से एक दिन पहले अटल स्टेडियम लोक संस्कृति की रंगीन छटा से जगमगा उठा। इंटरनेशनल नाइट्स एवं एथनिक फैशन शो में स्काउट–गाइड्स ने पारंपरिक परिधानों में अपनी–अपनी संस्कृति की मनोहारी झलक पेश की। विदेशी कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।