तंत्र-मंत्र की सामग्री, 150 औरतें और जानवरों के अवशेष….,  ढोंगी बाबा अशोक खरात के ठिकानों से खुलासा, बोला- अंतर्मन ने धोखा दिया

KNEWS DESK- नासिक पुलिस की SIT और क्राइम ब्रांच ने भोंडू बाबा के नाम से चर्चित अशोक खरात के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। कनाडा कॉर्नर स्थित उनके ओकस प्रॉपर्टी कार्यालय पर लगातार दूसरे दिन छापेमारी जारी रही। फोरेंसिक टीम ने यहां से ऐसी सामग्री बरामद की है जो किसी भी सभ्य समाज के लिए डराने वाली मानी जा रही है।

जांच में खरात के कार्यालय से महिलाओं के कटे हुए बाल, जानवरों के अवशेष, तंत्र-मंत्र की सामग्री और कई आपत्तिजनक किताबें मिली हैं। पुलिस ने दफ्तर को सील कर दिया है और जब्त सामान को फोरेंसिक लैब में जांच के लिए भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, खरात कोई सिद्ध पुरुष नहीं बल्कि एक शातिर माइंड गेम खिलाड़ी था। उसने ‘हॉट रीडिंग’ और ‘कोल्ड रीडिंग’ जैसी तकनीकों का इस्तेमाल कर महिलाओं को भ्रमित किया। हॉट रीडिंग में पहले से जुटाई गई जानकारी का उपयोग किया जाता है, जबकि कोल्ड रीडिंग में बातचीत के दौरान सामने वाले की प्रतिक्रियाओं के आधार पर उसे भ्रमित किया जाता है।

जांच में यह भी सामने आया कि करीब डेढ़ साल पहले खरात को लकवे (Paralysis) का दौरा पड़ा था। सूत्रों के अनुसार, यह दौरा अत्यधिक शक्तिवर्धक दवाओं के सेवन के कारण आया। एक डॉक्टर भक्त ने उनकी जान बचाई, लेकिन आज भी उनके चेहरे और हाथ पर इसके असर साफ दिखाई देता है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि खरात ने भविष्य बताने और धार्मिक विधि के नाम पर 150 से अधिक महिलाओं का शारीरिक शोषण किया। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए पुलिस ने उसका HIV टेस्ट कराया, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई। फिलहाल खरात पुलिस हिरासत में हैं और उन्हें 29 मार्च तक रिमांड पर रखा गया है।

सख्ती दिखाते हुए प्रशासन ने अशोक खरात का गन लाइसेंस भी रद्द कर दिया है। पुलिस कस्टडी में उनका व्यवहार अजीब बना हुआ है। पूछताछ में उन्होंने कहा, “मेरे अंतर्मन ने मुझे धोखा दिया, अब मैं सिर्फ अपने दिमाग की सुनूंगा। मैंने जिनका भला किया, वही मेरे खिलाफ खड़े हो गए।” साथ ही उन्होंने अपने कृत्यों को ‘धार्मिक विधि’ बताकर बचाव करने की कोशिश की।

यह मामला नासिक में धार्मिक विश्वास और शोषण के बीच खतरनाक खेल का उदाहरण बन गया है, जिसे पुलिस पूरी गंभीरता से आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *