KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने रायबरेली में हुए हमले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला भाजपा की सोची-समझी साजिश के तहत किया गया।
लखनऊ स्थित अपने आवास पर मीडिया को संबोधित करते हुए मौर्य ने कहा, “अगर मैंने अपनी यात्रा की जानकारी पहले न दी होती, तो उस दिन की स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। वहां मेरे समर्थक और पुलिसकर्मी समय रहते न पहुंचते, तो जान को खतरा था।”
स्वामी प्रसाद मौर्य ने भाजपा पर गुंडों, माफियाओं और बदमाशों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज़ नहीं बची है। भाजपा संरक्षित गुंडे अब विपक्षी नेताओं को निशाना बना रहे हैं। अब ये सरकार केवल सत्ता की हनक में चल रही है, जिसमें न आम नागरिक सुरक्षित है, न जनप्रतिनिधि।”
स्वामी प्रसाद मौर्य ने प्रदेश में भाजपा सरकार की आंतरिक असंतोष की ओर भी इशारा किया। उन्होंने दावा किया कि स्वयं भाजपा के कई मंत्री और विधायक सरकार से संतुष्ट नहीं हैं।
उन्होंने कहा, “सरकार के विधायकों को भी मारा गया है, खासतौर पर पिछड़ा वर्ग और एससी-एसटी समाज के जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाया गया। लेकिन दुर्भाग्य की बात यह है कि इन मामलों में कोई FIR तक दर्ज नहीं की गई। क्या यही है भाजपा का ‘सबका साथ, सबका विकास’?”
हाल ही में रायबरेली में स्वामी प्रसाद मौर्य की यात्रा के दौरान उन पर कथित रूप से पथराव और नारेबाजी की गई थी। इस घटना को लेकर स्थानीय प्रशासन ने शुरुआती तौर पर तनाव फैलाने की कोशिश बताई थी, लेकिन अब मौर्य इसे एक राजनीतिक हमला करार दे रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा यह सब जानबूझकर करवा रही है ताकि विपक्ष की आवाज़ को दबाया जा सके।