ज्ञानवापी परिसर में सर्वे जारी, मस्जिद के गुंबदों का भी किया गया निरीक्षण

KNEWS DESK- ज्ञानवापी परिसर में एएसआई की टीम ने मंदिर की पश्चिमी दीवार से सर्वे का काम शुरू किया। इसके बाद टीम तहखाने तक पहुंची और फिर मस्जिद के गुंबदों का भी निरीक्षण किया गया है।

 

तय समय के मुताबिक आज भी एएसआई की टीम अपने ठीक समय आठ बजे परिसर में पहुंच गई है और एक बार फिर से सर्वे शुरू किया गया है। सर्वे के इस काम में भारतीय पुरातत्व विभाग के 50 के करीब अधिकारी लगे हुए हैं। एएसआई सर्वे के लिए टीमें बनाकर काम कर रही है और पूरे परिसर के अलग-अलग हिस्सों का वैज्ञानिक तरीके से सर्वे किया जा रहा है।

साइंटिफिक तरीके से हो रहा सर्वे

अदालत के आदेश पर ज्ञानवापी की सर्वे इस तरह से किया जा रहा है ताकि उसके ढांचे को कोई नुकसान न हो। ये सर्वे पूरे साइंटिफिक तरीके से हो रहा है। एएसआई की टीम ने अब तक परिसर की 3डी इमेजिंग और मैपिंग की है और इसका एक डिजिटल नक्शा बनाया गया है, ताकि परिसर को समझने में आसानी हो सके। हालांकि अभी तक ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार के जरिए यहां की जांच को शुरू नहीं किया गया है।

ज्ञानवापी सर्वे को लेकर हिन्दू पक्ष ने दावा किया है कि तहखाने में मंदिर से जुड़ी कलाकृतियां बनी हैं। तहखाने में त्रिशूल मिलने, मूर्तियां, कलश और कमल के फूल जैसी आकृतियों के मिलने का दावा किया गया है। हालांकि मुस्लिम पक्ष की ओर से इस पर आपत्ति भी जाहिर की गई। मुस्लिम पक्ष ने कहा कि सर्वे को लेकर गलत अफवाहें फैलाई जाई जा रही है। अंजुमन इंतजामिया मस्जिद कमेटी ने यहां तक कहा कि अगर इसकी तरह मीडिया में अफवाहें फैलाई जाती रहीं तो वो खुद को सर्वे से अलग कर लेंगे।

About Post Author