सूरजकुंड मेला हादसा: पुलिस निरीक्षक की मौत, वेंडर पर केस, अब तक की जांच में क्या सामने आया?

KNEWS DESK- हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेला 2026 में शनिवार शाम 6 बजे एक झूला अचानक टूट गया, जिससे वहां अफरातफरी मच गई। हादसे के समय झूले पर 26 लोग सवार थे। ड्यूटी पर मौजूद हरियाणा पुलिस के निरीक्षक जगदीश प्रसाद ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन इसी दौरान झूला दोबारा टूट गया और उनकी गंभीर चोटों के चलते इलाज के दौरान मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और घायल लोगों को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। डीजीपी हरियाणा अजय सिंघल ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि इंस्पेक्टर जगदीश के परिवार को पॉलिसी के तहत 1 करोड़ रुपये और विभाग की तरफ से अन्य लाभ दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा पुलिस परिवार की हर संभव मदद करेगी।

दिवंगत इंस्पेक्टर जगदीश मथुरा (उत्तर प्रदेश) के मूल निवासी थे और 31 जनवरी 2026 को उन्हें सूरजकुंड मेला ड्यूटी पर नियुक्त किया गया था। उनके समर्पण, कर्तव्यपरायणता और साहस की सभी ने सराहना की।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के त्वरित उपचार के निर्देश दिए। इस घटना ने मेले की सुरक्षा और तकनीकी निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसे देखकर घटनास्थल पर मौजूद लोगों की घबराहट और भय साफ देखा जा सकता है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और झूले की तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाया जा रहा है।