सुनेत्रा पवार बनेंगी महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री, शाम 5 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण

डिजिटल डेस्क- महाराष्ट्र की राजनीति में आज राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की अहम बैठक संपन्न हुई, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के उत्तराधिकारी को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया। बैठक में फैसला किया गया कि अब सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह आज शाम 5 बजे राजभवन में आयोजित किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, बैठक में NCP के वरिष्ठ नेता और पार्टी के भीतर दोनों गुटों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। चर्चा के दौरान यह तय किया गया कि सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री के पद की जिम्मेदारी सौंपी जाए, जबकि पार्थ पवार को राज्यसभा में भेजे जाने की संभावना भी बनी हुई है।

पिछले दिनों हुई थी विमान दुर्घटना में अजित पवार की मौत

अजित पवार की हाल ही में हुई विमान दुर्घटना में मौत ने राज्य की राजनीति में हलचल पैदा कर दी थी। उनके निधन से न केवल सरकार में नेतृत्व का खालीपन उत्पन्न हुआ था, बल्कि NCP के भीतर संगठनात्मक स्थिरता और भविष्य की रणनीति को लेकर भी गहन मंथन चल रहा था। वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि सुनेत्रा पवार की नियुक्ति से पार्टी की आंतरिक स्थिरता मजबूत होगी और सत्तारूढ़ गठबंधन में संतुलन भी कायम रहेगा। शुक्रवार को NCP नेता छगन भुजबल, सुनील तटकरे और धनंजय मुंडे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनके सरकारी आवास ‘वर्षा’ पर मुलाकात की थी। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में मंत्रिमंडल पुनर्गठन और उपमुख्यमंत्री पद को लेकर रणनीति तय की गई थी। आज हुई बैठक में इन नीतियों को अंतिम रूप दिया गया और औपचारिक घोषणा की गई।

सुनेत्रा पवार अभी किसी सदन की सदस्य नहीं

सुनेत्रा पवार फिलहाल राज्यसभा सांसद हैं और महाराष्ट्र विधानसभा या विधान परिषद की सदस्य नहीं हैं। हालांकि, पुणे जिले की बारामती विधानसभा सीट अजित पवार के निधन के बाद रिक्त हो गई है, जिससे उनके राज्य की राजनीति में औपचारिक प्रवेश का रास्ता खुल गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से NCP के दोनों गुटों के बीच संभावित विलय की राह भी आसान होगी और पार्टी एकजुट दिखाई देगी। साथ ही, उपमुख्यमंत्री पद पर सुनेत्रा पवार की नियुक्ति से सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्ष के बीच संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *