सुनेत्रा पवार ने रचा इतिहास, महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनीं

डिजिटल डेस्क- महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है। दिवंगत नेता अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास रच दिया है। वह राज्य की पहली महिला डिप्टी सीएम बन गई हैं। राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण से पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की विधायक दल की अहम बैठक हुई, जिसमें सुनेत्रा पवार को सर्वसम्मति से पार्टी का नेता चुना गया। बैठक की शुरुआत दिवंगत अजित पवार को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने शोक प्रस्ताव रखा। इसके बाद दिलीप वलसे पाटिल ने सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने समर्थन दिया। इसके बाद मौजूद सभी विधायकों ने सुनेत्रा पवार के नाम पर सहमति जताई।

बैठक में रखे गए दो अहम प्रस्ताव

बैठक में दो अहम प्रस्ताव रखे गए। पहला प्रस्ताव सुनेत्रा पवार को एनसीपी विधायक दल का नेता चुने जाने से जुड़ा था, जबकि दूसरा प्रस्ताव पार्टी के सभी राजनीतिक और संगठनात्मक फैसले लेने का संवैधानिक अधिकार उन्हें देने को लेकर था। दोनों प्रस्तावों को बहुमत से मंजूरी मिल गई। उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यसभा के उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष सी.पी. राधाकृष्णन को सौंपा।

2024 के लोस चुनाव में करना पड़ा था हार का सामना

उल्लेखनीय है कि सुनेत्रा पवार को 2024 के लोकसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद वह राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुई थीं। इस पूरे घटनाक्रम के बीच एनसीपी प्रमुख शरद पवार का बयान भी चर्चा में रहा। शरद पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्हें शपथ ग्रहण समारोह की कोई जानकारी नहीं थी और इस संबंध में उनसे कोई बातचीत भी नहीं की गई। हालांकि, उन्होंने यह भी दावा किया कि 12 तारीख को दोनों एनसीपी एक साथ आने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *