KNEWS DESK – महाराष्ट्र के दिग्गज नेता और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। बारामती में हुए विमान हादसे के बाद अजित पवार अब हमारे बीच नहीं रहे। उनके असमय निधन पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
सीएम फडणवीस ने अजित पवार को याद करते हुए कहा कि वे जमीन से जुड़े हुए नेता थे और आम लोगों की समस्याओं को भली-भांति समझते थे। उन्होंने कहा, “अजित दादा का यूं चले जाना बेहद दुखद है। परिवार में शोक का माहौल है और यह क्षति कभी पूरी नहीं की जा सकती।”
मुख्यमंत्री ने इसे महाराष्ट्र के लिए कठिन दिन बताते हुए कहा कि अजित पवार न सिर्फ एक मजबूत नेता थे, बल्कि एक दिलदार मित्र भी थे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी इस हादसे को लेकर उनसे बातचीत की और गहरी संवेदना जताई।
सीएम फडणवीस ने कहा कि उन्होंने और अजित पवार ने लंबे समय तक साथ काम किया और महाराष्ट्र के विकास में अजित पवार का योगदान अहम रहा। उन्होंने कहा, “उम्मीद थी कि अजित पवार राजनीति में लंबी पारी खेलेंगे, लेकिन उनका यूं चले जाना शब्दों से परे है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि पवार परिवार और एनसीपी के कार्यकर्ताओं पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि वे और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बारामती जाकर आगे की प्रक्रिया पर परिवार से चर्चा करेंगे।