सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती, डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी

डिजिटल डेस्क- कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को मंगलवार सुबह दिल्ली के प्रसिद्ध सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सुबह उनकी तबीयत अचानक कुछ बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें एहतियातन अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी निगरानी कर रही है और आवश्यक चिकित्सकीय जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन डॉक्टर लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं। अस्पताल प्रशासन की ओर से भी अभी तक कोई विस्तृत मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। वहीं कांग्रेस पार्टी की तरफ से भी सोनिया गांधी के स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही हैं सोनिया गांधी

बीते कुछ वर्षों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही हैं सोनिया यह पहली बार नहीं है जब सोनिया गांधी को अस्पताल में भर्ती कराया गया हो। बीते कुछ सालों से वह स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही हैं। इसी वजह से वह समय-समय पर नियमित जांच और इलाज के लिए अस्पताल जाती रही हैं। इससे पहले भी उन्हें दिल्ली और विदेशों में इलाज कराना पड़ा है। उम्र और पुरानी बीमारियों को देखते हुए डॉक्टर उनकी सेहत को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरत रहे हैं। बता दें कि सोनिया गांधी कांग्रेस पार्टी की सबसे प्रभावशाली नेताओं में शुमार रही हैं। उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने लगातार दो लोकसभा चुनावों में जीत दर्ज की थी और 2000 के दशक में पार्टी ने देश के 16 राज्यों में सरकार बनाई थी। सोनिया गांधी लंबे समय तक कांग्रेस अध्यक्ष रहीं और उनके कार्यकाल में पार्टी ने केंद्र और राज्यों में मजबूत राजनीतिक पकड़ बनाई।

2017 में छोड़ा कांग्रेस अध्यक्ष पद

साल 2017 में सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद राहुल गांधी ने पार्टी की कमान संभाली। हालांकि, इसके बाद भी सोनिया गांधी पार्टी की रणनीति और निर्णयों में अहम भूमिका निभाती रही हैं। वर्तमान में वह राज्यसभा की सदस्य हैं और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। सोनिया गांधी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आते ही कांग्रेस नेताओं और समर्थकों में चिंता का माहौल है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। माना जा रहा है कि डॉक्टरों की सलाह के बाद ही उनके डिस्चार्ज को लेकर कोई फैसला लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *