डिजिटल डेस्क- दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए शर्टलेस प्रोटेस्ट के मामले में कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के तीन और कार्यकर्ताओं को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया। हालांकि गिरफ्तारी के बाद जो घटनाक्रम सामने आया, उसने इसे महज कानूनी कार्रवाई से बढ़ाकर अंतरराज्यीय पुलिस टकराव का रूप दे दिया। करीब 21 घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद गुरुवार सुबह लगभग 6 बजे स्थिति सामान्य हुई और दिल्ली पुलिस का काफिला आरोपियों को लेकर राज्य से बाहर निकल सका।
शिमला में रोकी गई दिल्ली पुलिस, NH-5 बना घटनास्थल
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की टीम जब आरोपियों को लेकर हिमाचल से बाहर निकल रही थी, तभी शिमला पुलिस ने NH-5 पर बीच रास्ते में उन्हें रोक लिया। हिमाचल पुलिस का कहना था कि इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े एक मामले में शिमला में भी FIR दर्ज की गई है, इसलिए दिल्ली पुलिस को स्थानीय जांच में शामिल होना होगा। इस दौरान दिल्ली पुलिस की एक गाड़ी भी जब्त कर ली गई। हिमाचल प्रदेश पुलिस के बयान के अनुसार, इस कार्रवाई में दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा पुलिस की टीम भी शामिल थी। दो राज्यों की पुलिस दिल्ली में दर्ज केस के सिलसिले में तीनों आरोपियों का पीछा करते हुए शिमला के पास तक पहुंची और उन्हें हिरासत में लिया।
कौन हैं गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी?
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी इंडियन यूथ कांग्रेस से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ता हैं।
- सौरभ सिंह उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के सेवाई हेमगढ़ (मुंशीगंज थाना क्षेत्र) के निवासी हैं और अमेठी में यूथ कांग्रेस की टीम के सक्रिय सदस्य हैं।
- अरबाज खान उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के रहने वाले हैं। वह यूथ कांग्रेस के सेंट्रल यूपी जोन के उपाध्यक्ष हैं और पहले प्रदेश यूथ कांग्रेस के महासचिव भी रह चुके हैं।
- सिद्धार्थ, जो मध्य प्रदेश के निवासी हैं, कांग्रेस के आईटी सेल से जुड़े रहे हैं और इससे पहले राजनीतिक रणनीतिकार के साथ भी काम कर चुके हैं।
इन तीनों पर आरोप है कि उन्होंने दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस की ओर से किए गए शर्टलेस विरोध प्रदर्शन में सक्रिय भूमिका निभाई थी।
अंबाला में मेडिकल, फिर दिल्ली रवाना
करीब 21 घंटे तक चले घटनाक्रम और कई दौर की बातचीत के बाद दिल्ली पुलिस का काफिला हिमाचल से निकलकर पंजाब सीमा में दाखिल हुआ। वहां वाहनों में ईंधन भरवाने के बाद टीम हरियाणा पहुंची, जहां अंबाला के सिविल अस्पताल में तीनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद पुलिस उन्हें लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गई।