KNEWS DESK – एनसीपी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार की तबीयत सोमवार को अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें बारामती से पुणे ले जाया गया। फिलहाल उनका इलाज पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में चल रहा है। पार्टी कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, शरद पवार को बुखार, खांसी और जुकाम की शिकायत है, जिसके चलते उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।
सोमवार को बारामती तालुका के काठेवाड़ी में दिवंगत नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की तेरहवीं पुण्यतिथि का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। शरद पवार और उनके परिवार के सदस्यों को इसमें शामिल होना था, लेकिन सुबह से तबीयत खराब होने के कारण वह कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके।
सूत्रों के अनुसार, सुबह डॉक्टरों की एक टीम बारामती स्थित गोविंदबाग आवास पर पहुंची और उनकी जांच की। दोपहर में दोबारा स्वास्थ्य परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें पुणे ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी। शरद पवार के साथ उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले भी मौजूद रहीं।
परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि लगातार खांसी और कफ की वजह से उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी। एहतियात के तौर पर उन्होंने मास्क पहना हुआ था और मेडिकल सपोर्ट तैयार रखा गया।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से शरद पवार की सेहत पूरी तरह ठीक नहीं थी। हाल के दिनों में लगातार सार्वजनिक मुलाकातों और कार्यक्रमों में भागीदारी के कारण थकान बढ़ गई थी। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।