डिजिटल डेस्क- देश के गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह को बुधवार को उनके जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने शुभकामनाएं दीं। सभी नेताओं ने शाह के संगठन कौशल, नेतृत्व क्षमता और देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने में उनके योगदान की सराहना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर शुभकामना संदेश साझा करते हुए लिखा, “गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। उन्हें अपने समर्पण और मेहनती स्वभाव के लिए व्यापक रूप से सराहा गया है। उन्होंने भारत की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और हर भारतीय को सुरक्षा व गरिमा के साथ जीवन जीने का अवसर देने के लिए सराहनीय प्रयास किए हैं। मैं उनके दीर्घ और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं।”
बीजेपी अध्यक्ष ने की नेतृत्व क्षमता की सराहना
भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी अपने संदेश में शाह के संगठनात्मक कौशल और नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को मेरी तथा भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं की ओर से जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आपका सार्वजनिक जीवन, समर्पण और संगठन कौशल एक अद्वितीय उदाहरण है। नक्सलवाद के उन्मूलन में आपकी दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण देश निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। आपने संगठन के विस्तार और विचार के सशक्तिकरण दोनों को नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं।”
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमित शाह को परिश्रमी और दृढ़संकल्पी नेता बताते हुए कहा, “गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वे भारत की आंतरिक सुरक्षा, शांति और स्थिरता को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्यरत हैं। मैं ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।”
कृषि मंत्री ने बताया जनप्रिय नेता
वहीं, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संदेश में उन्हें “जनप्रिय राजनेता, कुशल संगठनकर्ता और श्रेष्ठ रणनीतिकार” बताया। उन्होंने लिखा, “अमित शाह जी के नेतृत्व में देश ने अनेक क्षेत्रों में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। ईश्वर से उनके सुदीर्घ, यशस्वी और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं।”