KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के सदरपुर क्षेत्र के सरैया चलाकापुर गांव में शनिवार रात हुए भयावह अग्निकांड में एक और जान चली गई। सात वर्षीय मीनाक्षी, जो आग में झुलस गई थी, रविवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
इस आगजनी की घटना में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। पहले ही फूलमती और इदुरा की मौत हो चुकी थी। अग्निकांड में कुल 14 घर जलकर खाक हो गए।
रविवार सुबह से ही तहसील प्रशासन के अधिकारी गांव में मौजूद हैं और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए कार्रवाई कर रहे हैं। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने बताया कि राजस्व टीम को नुकसान का आकलन करने के लिए भेजा गया है। इसके साथ ही एसडीएम और सीओ से रिपोर्ट मांगी गई है।
जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि इस आधार पर पीड़ितों को वित्तीय सहायता और आवश्यक राहत प्रदान की जाएगी। प्रशासन प्रभावित परिवारों को पुनर्वास और अन्य मदद उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है।
गांव में इस घटना के बाद सुरक्षा और राहत कार्यों को लेकर चौकसी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके।