कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल का निधन, कानपुर में शोक की लहर

KNEWS DESK- कानपुर के दिग्गज कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल का शुक्रवार को लंबी अस्वस्थता के बाद निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे। उनके देहांत की पुष्टि कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता और ग्रामीण अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने की।

सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार शाम अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें किदवई नगर स्थित एक नर्सिंग होम ले जाया गया, जहाँ से हालत गंभीर होने पर उन्हें कार्डियोलॉजी अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उनकी मृत्यु हृदय गति रुकने से हुई।

श्रीप्रकाश जायसवाल को कानपुर की राजनीति में एक मजबूत और जमीन से जुड़े नेता के रूप में जाना जाता था। उन्होंने 1999, 2004 और 2009 के लोकसभा चुनावों में कानपुर से कांग्रेस की जीत दर्ज कराई और लगातार तीन बार सांसद चुने गए। यूपीए सरकार में उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाईं, जिनमें 2011 से 2014 तक कोयला मंत्रालय का कार्यभार शामिल है।

उनके छोटे भाई प्रमोद जायसवाल ने भी भावुक होते हुए कहा कि “जमीनी स्तर से जुड़े एक मेहनती व्यक्ति आज खामोश हो गया। इससे ज्यादा मैं कुछ नहीं कह सकता।”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा कि जायसवाल एक सच्चे, समर्पित और ईमानदार कांग्रेसी थे जिन्होंने कानपुर के विकास के लिए निस्वार्थ भाव से काम किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक अनुभवी नेता खो दिया है और इस कठिन समय में वे परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त करते हैं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने भी माल्टा प्रवास के दौरान इस दुखद समाचार पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जायसवाल ने कानपुर की राजनीति को नई दिशा दी और कठिन समय में यूपीसीसी की राजनीति में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने भी उन्हें याद करते हुए कहा कि जायसवाल एक समर्पित जनसेवक थे जिन्होंने लोगों की भलाई के लिए लगातार कार्य किया।