संभल: मिट्टी माफिया की लापरवाही से सात महिलाएं 10 फीट गहरे गड्ढे में दबीं, एक घंटे की मशक्कत के बाद बची जान

डिजिटल डेस्क- संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र के नरौदा गांव में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा उस वक्त हुआ जब सात महिलाएं मिट्टी माफिया के अवैध खनन गड्ढे में दब गईं। बताया जा रहा है कि ये सभी महिलाएं अपने घर की मरम्मत के लिए मिट्टी लेने गई थीं, तभी अचानक 10 फीट गहरा गड्ढा धंस गया और सभी महिलाएं उसके मलबे में समा गईं। ग्रामीणों के मुताबिक, मिट्टी निकालने के दौरान गड्ढे की दीवारें अचानक ढह गईं। मिट्टी में दबने के बाद महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग दौड़ पड़े। उन्होंने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। थोड़ी ही देर में बहजोई थाना पुलिस, एंबुलेंस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सातों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

सभी महिलाओं की हालत स्थिर

रेस्क्यू के दौरान कई ग्रामीणों ने भी पुलिस और प्रशासन की मदद की। बचाव कार्य में स्थानीय जेसीबी मशीन का भी इस्तेमाल किया गया ताकि मिट्टी को जल्द हटाया जा सके। सभी महिलाओं को एंबुलेंस से पास के सरकारी अस्पताल और निजी क्लीनिकों में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है। घटनास्थल पर लेखपाल, कानूनगो और तहसील प्रशासन के अधिकारी पहुंचे और पूरे इलाके का निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि मिट्टी माफिया लंबे समय से यहां अवैध रूप से खनन कर रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। खनन के बाद छोड़े गए गहरे गड्ढे अब लोगों की जान के लिए खतरा बन चुके हैं।

ग्रामीणों ने लगाया मिलीभगत का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि मिट्टी माफिया स्थानीय स्तर पर मिलीभगत के चलते बेखौफ होकर अवैध खनन करते हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है। प्रशासन ने अब जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।