जंग के डर से पेट्रोल पंपों पर लगी भीड़, जानें महाराष्ट्र के इस जिले में ऐसा क्या हुआ….

KNEWS DESK- मिडिल ईस्ट में चल रहे इजराइल-ईरान संघर्ष के बाद वैश्विक स्तर पर इसके प्रभाव की चर्चा हो रही है। इस तनाव का असर भारत में भी दिखाई दे रहा है। खासकर शिया समुदाय के लोग ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मृत्यु पर शोक मना रहे हैं, वहीं संघर्ष का असर फ्यूल की कीमतों और उपलब्धता पर भी देखा जा रहा है।

छत्रपति संभाजीनगर शहर में पेट्रोल खत्म होने की अफवाह के कारण पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहर में लोगों ने डर और अनिश्चितता के चलते तुरंत फ्यूल लेने के लिए पंपों की ओर रुख किया। देखते ही देखते कई पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें लग गईं और स्थिति नियंत्रित करना मुश्किल हो गया।

सड़क पर टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर की लंबी कतारें बन गईं। कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी और रविवार के कारण फ्यूल सप्लाई समय पर नहीं हो सकी, जिससे अफवाहें और फैल गईं।

भीड़ और अफवाहों को काबू में करने के लिए पुलिस को सक्रिय किया गया। कई पंपों पर स्थिति बिगड़ने लगी थी, लेकिन पुलिस की तत्परता से हालात नियंत्रित किए गए।

छत्रपति संभाजीनगर पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट अखिल अब्बास ने स्पष्ट किया कि वर्तमान संघर्ष का पेट्रोल की उपलब्धता पर कोई सीधा असर नहीं पड़ा है। शहर में फ्यूल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अफवाहों पर भरोसा न करें और संयम बनाए रखें।