जम्मू-कश्मीर में AAP विधायक मेहराज मलिक की गिरफ्तारी से बवाल, सांसद संजय सिंह श्रीनगर में हाउस अरेस्ट

KNEWS DESK- जम्मू-कश्मीर में आम आदमी पार्टी के विधायक मेहराज मलिक की गिरफ्तारी ने एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। पार्टी इसे “तानाशाही” और “लोकतंत्र की हत्या” करार दे रही है। गिरफ्तारी के विरोध में AAP सांसद संजय सिंह श्रीनगर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें और उनके साथियों को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया।

संजय सिंह का आरोप है कि उन्हें ना सिर्फ प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से रोका गया, बल्कि उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला से भी मिलने नहीं दिया गया। इस घटनाक्रम ने राष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है।

AAP विधायक मेहराज मलिक को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जन सुरक्षा अधिनियम (PSA) के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मेहराज मलिक के खिलाफ 18 एफआईआर दर्ज हैं। उन पर अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार और सार्वजनिक अशांति फैलाने के आरोप हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है।

हालांकि, आम आदमी पार्टी का दावा है कि यह गिरफ्तारी राजनीतिक प्रतिशोध है और मेहराज मलिक की छवि को धूमिल करने की कोशिश की जा रही है।

AAP सांसद संजय सिंह ने एक वीडियो जारी कर कहा “मैं इस वक्त श्रीनगर में हूं। लोकतंत्र में विरोध करना हमारा संवैधानिक अधिकार है। आज हम प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले थे, लेकिन पुलिस ने गेस्ट हाउस को छावनी में बदल दिया है।” उन्होंने बताया कि उन्हें और AAP नेता इमरान हुसैन समेत कई अन्य नेताओं को गेस्ट हाउस से बाहर निकलने नहीं दिया गया।

इस मामले में और बवाल तब मच गया जब पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, संजय सिंह से मिलने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। फारूक अब्दुल्ला को गेट पर ही रोक दिया गया और उन्हें वहीं से बात करनी पड़ी।

संजय सिंह ने इस पर प्रतिक्रिया दी “यह बेहद दुखद है कि जम्मू-कश्मीर के कई बार के मुख्यमंत्री को भी मिलने नहीं दिया जा रहा। क्या ये लोकतंत्र है या तानाशाही?”

इस घटनाक्रम पर AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा “पूर्व मुख्यमंत्री, जो मौजूदा मुख्यमंत्री के पिता हैं, उन्हें भी राज्य में अपने मेहमान से मिलने नहीं दिया गया। ये गुंडागर्दी और तानाशाही है।”

AAP नेता आतिशी ने कहा “हमारे सांसद श्रीनगर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पहुंचे थे, लेकिन BJP सरकार इतनी बौखलाई हुई है कि उन्हें गेस्ट हाउस में ही कैद कर दिया। ये अघोषित आपातकाल है।”

संजय सिंह का हाउस अरेस्ट और मेहराज मलिक की गिरफ्तारी, दोनों घटनाएं जम्मू-कश्मीर में केंद्र सरकार और विपक्षी दलों के बीच बढ़ते तनाव को दर्शाती हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में AAP इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रव्यापी आंदोलन की तैयारी कर रही है।