लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आज होंगे घोषित, 8 बजे से शुरू होगी मतगणना

KNEWS DESK- 4 जून यानी आज का दिन देश की सियासत के लिए सबसे बड़ा दिन है क्योंकि आज लोकसभा चुनाव के नतीजे आने वाले हैं। 7 चरणों में हुए इस चुनाव के बाद देश के लोग इस खास दिन नई सरकार बनते देखेंगे। आज ये तस्वीर साफ हो जाएगी कि किसकी सरकार बन रही है। इसके लिए काउंटिंग सुबह 8 बजे से शुरू होगी। बता दें कि आज सुबह 7 बजे देश भर में हर दल के उम्मीदवारों या उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में जगह- जगह स्ट्रांग रूम का ताला खोला गया। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी। इसके बाद ईवीएम के वोट गिने जाएंगे। पोस्टल बैलेट में भी दो तरीके से मतगणना होगी। पहले सेना, पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों और ऑफिसर्स के वोट काउंट होंगे। इसके बाद सेकेंड कैटेगरी में चुनाव ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों, अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों के पोस्टल बैलट काउंट होंगे। ईवीएम वीवीपैट से मिलान, वीवीपैट पर्ची काउंटिंग और पोस्टल बैलट जोड़ने के बाद शाम 6 बजे तक सारी सीटों पर नतीजे घोषित हो जाएंगे।

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए 16 मार्च से शुरू हुआ चुनाव प्रचार 75 दिन चला। 19 अप्रैल से 1 जून तक सात फेज में वोटिंग हुई। अब 4 जून यानी आज नतीजे सामने आ जाएंगे। इस बार कुल 8360 उम्मीदवारों ने चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाई। बात अगर एग्जिट पोल की करें तो एग्जिट पोल में पीएम मोदी तीसरी बार हैट्रिक लगाते नजर आ रहे हैं। 13 एग्जिट पोल के पोल ऑफ पोल्स में एनडीए को 365 और इंडिया गठबंधन को 145 सीटों का अनुमान हैं। वहीं अन्य को 32 सीटें मिल सकती हैं।

ये भी पढ़ें- ‘एग्जिट पोल कई बार गलत साबित हुए, इन पर प्रतिबंध लगना चाहिए’, प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले आप नेता संजय सिंह

About Post Author