KNEWS DESK- घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर देशभर में चिंता बनी हुई है। सरकार लगातार लोगों को स्थिति के बारे में जानकारी दे रही है और उनसे अपील कर रही है कि घबराहट में आकर अनावश्यक खरीदारी न करें। खासतौर पर जिन उपभोक्ताओं के पास पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन है, उनसे गैस सिलेंडर सरेंडर करने की भी अपील की गई है, ताकि जरूरतमंद लोगों तक आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
हर महीने की पहली तारीख को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की नई कीमतें जारी की जाती हैं। इस बार राहत की बात यह रही कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। पिछले महीने 7 मार्च को 60 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी हुई थी, जिसके बाद दिल्ली में कीमत 913 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये हो गई थी। अप्रैल में भी ये दरें यथावत रखी गई हैं, जिससे आम लोगों को कुछ राहत मिली है।
हालांकि, कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी है। इस साल के पहले चार महीनों में ही पांचवीं बार कीमतें बढ़ाई गई हैं। आंकड़ों के अनुसार, कमर्शियल सिलेंडर के दाम में करीब 500 रुपये तक की बढ़ोतरी हो चुकी है और कई जगह इसकी कीमत 2200 रुपये के पार पहुंच गई है।
राजधानी दिल्ली में ही कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके बाद इसकी कीमत 2078.50 रुपये हो गई है। इस साल की शुरुआत से अब तक दिल्ली में ही लगभग 498 रुपये का इजाफा हो चुका है।
घरेलू उपभोक्ताओं को जहां फिलहाल राहत मिली है, वहीं व्यवसायिक उपयोग करने वालों के लिए बढ़ती कीमतें चिंता का कारण बनी हुई हैं। आने वाले समय में कीमतों का रुख क्या रहेगा, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।