KNEWS DESK- दिल्ली में आज एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। 27 सालों के बाद दिल्ली में बीजेपी सरकार बनने जा रही है और रेखा गुप्ता पहली बार विधायक बनने के बाद मुख्यमंत्री चुनी गई हैं। विधानसभा चुनाव के परिणामों के 12 दिन बाद आज दिल्ली को नया मुख्यमंत्री मिल रहा है।
रेखा गुप्ता के साथ उनकी पूरी कैबिनेट भी शपथ लेगी। यह शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित होगा, जहां समारोह के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई केंद्रीय मंत्री, सीनियर बीजेपी नेता और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत आज सुबह 11 बजे से होगी। इस विशेष मौके पर, दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। रामलीला मैदान में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए NSG (राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड) कमांडो, दिल्ली पुलिस के जवान और RAF (रैपिड एक्शन फोर्स) के जवान तैनात किए गए हैं।
इसके साथ ही, दिल्ली पुलिस ने शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर ट्रैफिक अडवाइजरी भी जारी की है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। राजधानी में हर दिशा से आने-जाने वाले रास्तों पर ट्रैफिक नियंत्रित किया जाएगा, और कार्यक्रम स्थल के आस-पास अतिरिक्त सुरक्षा और यातायात प्रबंधन व्यवस्था की गई है। यह शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली के राजनीतिक इतिहास में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होने जा रहा है, और लोगों को इस बदलाव से बड़ी उम्मीदें हैं।
ये भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र के तीसरे दिन पेश होगा राज्य का बजट, केशव प्रसाद मौर्य ने किया ऐतिहासिक बजट का दावा