रविशंकर प्रसाद का राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमला, झारखंड के भ्रष्टाचार मामले पर उठाए सवाल

KNEWS DESK – बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने झारखंड में भ्रष्टाचार के एक ताजा मामले को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन की सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में कांग्रेस की गठबंधन सरकार के तहत भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है, जहां एक महिला अधिकारी को भ्रष्टाचार के आरोप में जेल भेजा गया था, लेकिन बाद में कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उन्हें बहाल कर दिया गया और सस्पेंशन समाप्त कर दिया गया।

झारखंड के भ्रष्टाचार पर सवाल

रविशंकर प्रसाद ने कहा, “कांग्रेस को इसका जवाब देना पड़ेगा। यह उनका सुशासन है, जहां भ्रष्टाचार की इतनी गंभीर घटनाएं हो रही हैं। यह सवाल राहुल गांधी से है, जो हमेशा संविधान की किताब दिखाते हैं और कहते हैं कि सरकार को भ्रष्टाचार से मुक्त होना चाहिए। लेकिन आपके ही मंत्री इसे रोकने में असफल रहे। हेमंत सोरेन खुद जेल गए थे, और अब यह स्थिति है। चुनाव जीतने से सब खत्म नहीं हो जाता, कांग्रेस, मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को इस पर जवाब देना होगा।”

राहुल गांधी और सुभाष चंद्र बोस

रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “राहुल गांधी अब सुभाष चंद्र बोस को याद कर रहे हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या उनके परिवार ने कभी सुभाष चंद्र बोस को याद किया था? प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली में उनकी मूर्ति लगवाई, लेकिन इनका परिवार कभी उनके योगदान को लेकर गंभीर नहीं था।”

अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना

रविशंकर प्रसाद ने आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी करप्शन के आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “केजरीवाल ने दस साल तक मुख्यमंत्री रहते हुए न तो रोजगार की चिंता की और न ही मध्यम वर्ग की। उस दौरान वे शीशमहल बना रहे थे और करप्शन में लिप्त थे। अब उन्हें अपनी गलतियों का अहसास हुआ है, लेकिन दिन में सपने देखने पर प्रतिबंध नहीं है।”

AAP और कांग्रेस की सांठगांठ पर टिप्पणी

रविशंकर प्रसाद ने दिल्ली में राहुल गांधी की रैली के कैंसिल होने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाया, “राहुल गांधी लगातार अपनी दिल्ली की सभाएं क्यों कैंसिल कर रहे हैं? क्या उन्हें केजरीवाल के करप्शन और गंदे नाले दिखाने का डर है? क्या वे इसलिए रैली कैंसिल कर रहे हैं ताकि वोट बंटने से बच सकें? यह साफ तौर पर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की सांठगांठ का हिस्सा है।”

About Post Author