राहुल गांधी का झारखंड दौरा आज, संविधान सम्मेलन में होंगे शामिल

KNEWS DESK-  लोकसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज झारखंड पहुंचेंगे, जहां वे राजधानी रांची के शौर्य सभागार में आयोजित संविधान सम्मेलन में भाग लेंगे। कार्यक्रम दोपहर 1:00 बजे शुरू होगा, जिसमें सिविल सोसाइटी और विभिन्न संगठनों के 500 से अधिक प्रतिनिधियों के साथ संवाद करने की योजना है। राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस पार्टी और विभिन्न संगठनों ने तैयारी की है।

कार्यक्रम की तैयारी

दिल्ली और झारखंड कांग्रेस की टीम इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय है। शुक्रवार को गांधी की सुरक्षा के मद्देनजर वरीय अधिकारियों ने सम्मेलन स्थल का मुआयना किया। इसके साथ ही, झारखंड में राजनीतिक गतिविधियाँ भी तेज हो गई हैं, और यह संभावना है कि गांधी पार्टी के नेताओं के साथ बैठक भी कर सकते हैं।

प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया

गांधी के झारखंड दौरे के बाद, 20 अक्टूबर को दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। इस बैठक में आगामी चुनावों के लिए प्रत्याशियों के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी। उसी दिन कांग्रेस महाराष्ट्र में भी अपने प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में संभावित प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा हुई। चुनाव समिति के सदस्यों से विधानसभा के लिए प्रत्याशियों के नाम सादे कागज पर मांगे गए हैं।

सीट शेयरिंग पर बातचीत

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने बताया कि उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया जारी है और प्रत्याशियों के नामों की मांग संगठन के स्तर से की गई है। मीर ने कहा कि सीट शेयरिंग पर तीन राउंड की बातचीत हो चुकी है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ भी चर्चा की गई है। उन्होंने बताया कि एक प्रतिशत सीटों में बदलाव संभव है, लेकिन अन्य सभी बातें लगभग तय हैं। राजद और वाम दलों से भी बातचीत जल्द ही होगी।

ये भी पढ़ें-   भारत-कनाडा के बीच राजनयिक तनाव, संदीप सिंह सिद्धू का नाम आतंकियों की सूची में शामिल

About Post Author

Leave a Reply

Your email address will not be published.