राहुल गांधी का बीजेपी पर बड़ा हमला, कहा- बिहार में भी चुनाव चोरी की तैयारी, ओडिशा सरकार चला रहे हैं अरबपति

KNEWS DESK-  कांग्रेस के ‘संविधान बचाओ समावेश’ कार्यक्रम के मंच से लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र की भाजपा सरकार और ओडिशा सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महाराष्ट्र के बाद अब बिहार में भी चुनाव को ‘चोरी’ करने की साजिश रच रही है, और इसमें चुनाव आयोग की भूमिका ‘भाजपा की शाखा’ जैसी बन गई है।

राहुल गांधी ने कहा, “मैं कल बिहार में था। जिस तरह महाराष्ट्र में एक करोड़ नए वोटर जोड़कर चुनाव चोरी की गई, वैसी ही साजिश अब बिहार में भी हो रही है। चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है और लोकतंत्र के स्तंभ को कमजोर कर रहा है।”

उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच रहस्यमयी तरीके से एक करोड़ नए मतदाता जोड़े गए, जिनकी कोई जानकारी नहीं दी गई। “हमने चुनाव आयोग से मतदाता सूची और उसकी वीडियोग्राफी मांगी, लेकिन हमें कुछ नहीं मिला। ये सारा खेल चुनाव में गड़बड़ी करने के लिए रचा गया।”

ओडिशा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि राज्य की बागडोर अब 5-6 अरबपतियों, खासकर अदाणी समूह के हाथों में है। “पहले बीजद ने गरीबों से ओडिशा का धन छीना, अब वही काम भाजपा सरकार कर रही है। यह सरकार आपकी जमीन, जंगल और भविष्य चुराने के लिए बनाई गई है।”

उन्होंने जगन्नाथ यात्रा का उदाहरण देते हुए कहा कि “जब रथ यात्रा निकाली जाती है, तो रथ को अदाणी और उनके परिवार के लिए रोक दिया जाता है। इससे साफ है कि यह सरकार जनता के लिए नहीं, कुछ अरबपतियों के लिए चलाई जा रही है।”

राहुल गांधी ने ओडिशा में महिला सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। “ओडिशा में 40,000 से ज्यादा महिलाएं गायब हैं। किसी को नहीं पता कि वे कहां गईं। हर दिन यहां औसतन 15 महिलाओं के साथ दुष्कर्म होता है, और सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है।”

उन्होंने जनता से आह्वान किया कि “ओडिशा की गरीब जनता, दलित, आदिवासी, किसान, मजदूर— यही इस लड़ाई को जीत सकते हैं। कांग्रेस आपके साथ है, और हम संविधान बचाने की इस लड़ाई में पीछे नहीं हटेंगे।”

ये भी पढ़ें-   कानपुरः सावन के पहले ही दिन दर्शन करने गए दो श्रद्धालु गंगा में नहाते वक्त डूबे, एक को बचाया गया, एक की तलाश जारी