KNEWS DESK- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज चंडीगढ़ पहुंचेंगे। वे पूरन कुमार के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे और उनकी पत्नी पी अमनीत कुमार से मिलकर सांत्वना व्यक्त करेंगे। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी ने पत्र लिखकर पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई और आश्वासन दिया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) इस मामले में उनके साथ खड़ी है। प्रियंका गांधी ने भी बयान जारी कर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की थी। कई विपक्षी नेता भी पीड़ित परिवार से मिल चुके हैं।
हरियाणा के वरिष्ठ IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार सुसाइड केस में हरियाणा सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए आरोपी DGP शत्रुजीत कपूर को लंबी छुट्टी पर भेज दिया है। इसके साथ ही चंडीगढ़ पुलिस ने DGP कपूर समेत उन सभी अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की है, जिनका नाम पूरन कुमार के सुसाइड नोट में शामिल था। हालांकि, पूरन कुमार की पत्नी IAS पी अमनीत कुमार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ी हैं और उन्होंने 8 दिन बाद भी अपने पति का पोस्टमार्टम नहीं करवाया है, जिसके चलते उनका अंतिम संस्कार भी नहीं हो पाया है।
परिवार और समाज की ओर से गठित 31 सदस्यीय कमेटी (महापंचायत) का 48 घंटे का अल्टीमेटम भी आज खत्म हो रहा है। परिवार की मांग है कि FIR में आरोपियों को नामजद किया जाए, IPC की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाने) को जोड़ा जाए और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो। इन मांगों के पूरा होने तक परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। नतीजतन, पूरन कुमार का पार्थिव शरीर चंडीगढ़ के सेक्टर-16 अस्पताल की मोर्चरी में रखा हुआ है।
क्या है पूरा मामला?
2001 बैच के IPS अधिकारी और रोहतक पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में इंस्पेक्टर जनरल के पद पर तैनात वाई पूरन कुमार ने 7 अक्टूबर 2025 को चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास के साउंडप्रूफ बेसमेंट में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। उनकी बेटी ने उन्हें तलाशते हुए बेसमेंट में खून से लथपथ शव देखा। उस समय उनकी पत्नी IAS पी अमनीत कुमार हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ जापान दौरे पर थीं। पूरन कुमार ने 8 पेज का सुसाइड नोट और एक वीडियो छोड़ा था। सुसाइड नोट में उन्होंने 13 IPS और IAS अधिकारियों पर उत्पीड़न, भ्रष्टाचार और मानसिक दबाव डालने का आरोप लगाया। आरोपियों में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, पूर्व मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद, पूर्व ACS राजीव अरोड़ा, DGP शत्रुजीत कपूर, रोहतक के पूर्व SP नरेंद्र बिजारनिया, बैचमेट मनोज यादव, पीके अग्रवाल, टीवीएसएन प्रसाद, IPS कुलविंदर सिंह और माटा रवि किरण शामिल हैं। पूरन कुमार ने IPS कुलविंदर सिंह पर धमकी देने और माटा रवि किरण पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर अपमानित करने का आरोप लगाया।