KNEWS DESK- रायबरेली जिले में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से चार युवतियों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
यह दुर्घटना जगतपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर जनौली गांव के पास हुई। जानकारी के अनुसार, कोडर गांव के निवासी सामुदायिक भोज में शामिल होकर चुली गांव से लौट रहे थे और पैदल गंगा एक्सप्रेसवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया।
हादसे में हिमांशी (23) और शालिनी (22) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल रश्मी (14) और आसमा (22) ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके अलावा रिया पटेल (14), प्रिया पटेल (12), साधना (9), मीना (22) और रेशमा (14) घायल हुई हैं, जिनका जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ है। कार को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।
सीओ सिटी अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे पर पैदल चलना खतरनाक साबित हुआ और तेज रफ्तार वाहन ने यह जानलेवा हादसा कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा।