KNEWS DESK – देशभर में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गर्व के साथ मनाया गया। पंजाब में भी राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय कार्यक्रमों के जरिए इस राष्ट्रीय पर्व को धूमधाम से मनाया गया। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने फाजिल्का में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने होशियारपुर में तिरंगा फहराकर लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
स्वतंत्रता सेनानियों और सशस्त्र बलों को नमन
होशियारपुर में अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने देश की एकता और अखंडता की रक्षा करने वाले सशस्त्र बलों को भी सलाम किया और उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।
सीएम ने उठाया पंजाब की राजधानी का मुद्दा
गणतंत्र दिवस के मंच से मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक अहम मुद्दा उठाते हुए कहा कि पंजाब देश का इकलौता ऐसा राज्य है जिसकी अपनी कोई राजधानी नहीं है। उन्होंने कहा, “देश के लिए सबसे बड़ा बलिदान देने वाले पंजाब के बावजूद आज भी हमारी अपनी राजधानी नहीं है। इस गणतंत्र दिवस पर मैं यह कहना चाहता हूं कि पंजाब और उसकी राजधानी चंडीगढ़ के लिए हम हर संभव प्रयास करेंगे।”
https://www.instagram.com/p/Cp1sK_fv8Ze/
चंडीगढ़ को लेकर दोहराया संकल्प
सीएम भगवंत मान ने स्पष्ट किया कि पंजाब के हितों और चंडीगढ़ को लेकर राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी। उन्होंने कहा कि जो भी जरूरी होगा, वह किया जाएगा, ताकि पंजाब को उसका हक मिल सके।