डिजिटल डेस्क- कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा ने अपनी लंबे समय से दोस्त और गर्लफ्रेंड अवीवा बेग के साथ सगाई कर ली है। इस सगाई को दोनों परिवारों ने पूरी तरह निजी रखा और इसकी जानकारी केवल बेहद करीबी लोगों को ही दी गई। परिवार से जुड़े उच्च पदस्थ सूत्रों ने रेहान वाड्रा और अवीवा बेग की सगाई की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि दोनों की शादी भी आने वाले कुछ महीनों में होगी, जिसकी तारीख दोनों परिवार आपसी सहमति से तय करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, रेहान वाड्रा और अवीवा बेग पिछले सात साल से एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में थे। हाल ही में रेहान ने अवीवा को प्रपोज किया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। दोनों परिवार इस रिश्ते से बेहद खुश हैं और इसे पूरी सहमति के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सगाई का कार्यक्रम बेहद सादगी के साथ आयोजित किया गया, जिसमें परिवार के चुनिंदा सदस्य ही शामिल हुए।
दिल्ली की रहने वाली फोटोग्राफर है अवीवा बेग
अवीवा बेग दिल्ली की रहने वाली हैं और पेशे से फोटोग्राफर हैं। उन्हें फोटोग्राफी का गहरा शौक है और यही रुचि रेहान वाड्रा के साथ उनकी साझा कड़ी मानी जाती है। रेहान खुद भी एक जाने-माने फोटोग्राफर और विजुअल आर्टिस्ट हैं। दोनों की दोस्ती बचपन से रही है। बताया जाता है कि रेहान और अवीवा तब से एक-दूसरे को जानते हैं, जब वे अपनी-अपनी मां के साथ खेला करते थे। बाद में दोनों की शुरुआती पढ़ाई भी एक ही स्कूल में हुई, जिससे उनकी दोस्ती और मजबूत होती चली गई। अवीवा बेग के परिवार की बात करें तो उनके पिता इमरान बेग व्यवसायी हैं, जबकि उनकी मां नंदिता बेग एक इंटीरियर डिजाइनर हैं। नंदिता बेग और प्रियंका गांधी की दोस्ती भी काफी पुरानी है। कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन की अंदरूनी साज-सज्जा के दौरान नंदिता बेग ने प्रियंका गांधी के साथ मिलकर काम किया था। यही पारिवारिक नजदीकियां इस रिश्ते की मजबूत नींव मानी जा रही हैं।
औपचारिक तौर पर रणथम्भौर में होगा कार्यक्रम
सूत्रों ने यह भी बताया कि सगाई का एक औपचारिक कार्यक्रम रणथम्भौर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें दोनों परिवारों के सदस्य शामिल होंगे। इसके बाद शादी कुछ महीनों में संपन्न होगी। हालांकि, शादी की तारीख और स्थान को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। रेहान वाड्रा को अक्सर अपनी मां प्रियंका गांधी के साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में देखा जाता रहा है, लेकिन वह खुद राजनीति से दूरी बनाए रखते हैं। उन्होंने अपनी पहचान एक कलाकार और फोटोग्राफर के तौर पर बनाई है। रेहान ‘डार्क परसेप्शन’ नाम से अपनी सोलो फोटोग्राफी एक्जीबिशन कर चुके हैं और कोलकाता में उनकी प्रदर्शनी को काफी सराहना मिली थी। वे एक विजुअल आर्टिस्ट के रूप में अपनी अलग पहचान रखते हैं।