आज AI समिट का उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, 500 से ज्यादा AI लीडर होंगे शामिल

KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली स्थित Bharat Mandapam में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। सुबह लगभग 9:40 बजे वह सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे और उद्घाटन भाषण देंगे। इस वैश्विक मंच पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के भविष्य, नीति ढांचे और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे अहम विषयों पर चर्चा होगी।

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी सचिव एस. कृष्णन के अनुसार, गुरुवार को एआई इम्पैक्ट समिट आम जनता के लिए बंद रहेगा और केवल आमंत्रण-पत्र धारकों को ही प्रवेश मिलेगा। हालांकि सरकार ने आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यक्रम की अवधि एक दिन बढ़ा दी है। अब 21 फरवरी को एआई एक्सपो सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक जनता के लिए खुला रहेगा। पहले यह समिट 20 फरवरी को समाप्त होने वाला था।

उद्घाटन सत्र में फ्रांस के राष्ट्रपति भी संबोधन देंगे। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक देशों के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री इस शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। शाम को प्रधानमंत्री मोदी वैश्विक कंपनियों के सीईओ के साथ राउंडटेबल बैठक में हिस्सा लेंगे, जहां एआई निवेश, नवाचार और नियामकीय सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

Luiz Inacio Lula da Silva पांच दिवसीय (18–22 फरवरी) भारत यात्रा पर बुधवार दोपहर नई दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पर विदेश राज्यमंत्री Pabitra Margherita ने उनका स्वागत किया। लूला के साथ लगभग 14 मंत्री और ब्राजील की प्रमुख कंपनियों के शीर्ष सीईओ का प्रतिनिधिमंडल भी आया है।

दिल्ली पहुंचने के बाद लूला ने अपने सोशल मीडिया संदेश में लिखा, “नमस्ते, इंडिया! मैं एक जरूरी एजेंडे के साथ आया हूं—रिश्तों को मजबूत करने, साझेदारी को गहरा करने और दुनिया में एआई के भविष्य पर चर्चा करने के लिए।” उन्होंने दोनों देशों के बीच नवाचार और सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रपति लूला एआई समिट में भाग लेने के साथ-साथ प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। Droupadi Murmu द्वारा उनके सम्मान में भोज आयोजित किए जाने की संभावना है। उपराष्ट्रपति C. P. Radhakrishnan और विदेश मंत्री S. Jaishankar भी उनसे मुलाकात कर सकते हैं।

यह राष्ट्रपति लूला की छठी भारत यात्रा है। इससे पहले वह सितंबर 2023 में जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत आए थे। भारत दौरे के बाद वह दक्षिण कोरिया की यात्रा पर जाएंगे।

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 को भारत की तकनीकी नेतृत्व क्षमता और वैश्विक एआई विमर्श में उसकी बढ़ती भूमिका के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *