राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज भरेंगी राफेल में उड़ान, अंबाला वायुसेना स्टेशन से दिखेगा भारतीय वायुसेना का शौर्य

KNEWS DESK- भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज हरियाणा स्थित अंबाला वायुसेना स्टेशन का दौरा करेंगी, जहां वह भारतीय वायुसेना के अत्याधुनिक राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरेंगी। यह अवसर भारतीय वायुसेना और देश दोनों के लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण माना जा रहा है।

देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति न केवल भारत की प्रतीकात्मक मुखिया हैं, बल्कि वे तीनों सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर भी हैं। राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, यह उनका दूसरा मौका होगा जब वे किसी लड़ाकू विमान में उड़ान भरेंगी। इससे पहले, 8 अप्रैल 2023 को उन्होंने असम के तेजपुर वायुसेना स्टेशन पर सुखोई-30 एमकेआई में सॉर्टी भरी थी।

उस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने वायुसेना के पायलटों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए कहा था कि भारतीय वायुसेना का अनुशासन, दक्षता और समर्पण देश की सुरक्षा के लिए प्रेरणास्रोत है।

अंबाला वायुसेना स्टेशन, भारतीय वायुसेना की राफेल स्क्वाड्रन का प्रमुख बेस है। यह भारत की हवाई सुरक्षा का रणनीतिक केंद्र माना जाता है, जहां से वायुसेना किसी भी आपात स्थिति में तेज और प्रभावी प्रतिक्रिया देने में सक्षम है। राफेल जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमान भारत की रक्षा क्षमताओं को और अधिक सशक्त बनाते हैं।

राष्ट्रपति मुर्मू के इस दौरे के दौरान वायुसेना प्रमुख, वरिष्ठ अधिकारी और राफेल स्क्वाड्रन के पायलट भी मौजूद रहेंगे। इस सॉर्टी के माध्यम से राष्ट्रपति भारतीय वायुसेना की तकनीकी दक्षता, आधुनिकता और आत्मनिर्भर भारत की रक्षा नीति का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगी।

राफेल उड़ान में राष्ट्रपति की भागीदारी न केवल वायुसेना के मनोबल को नई ऊंचाई देगी, बल्कि यह संदेश भी देगी कि भारत की महिला नेतृत्व अब रक्षा और तकनीकी क्षेत्र में भी समान रूप से अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

यह ऐतिहासिक उड़ान भारतीय वायुसेना के शौर्य, समर्पण और आधुनिक भारत की शक्ति का प्रतीक बनकर याद की जाएगी।