राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किए अहम प्रशासनिक बदलाव, हरियाणा, गोवा और लद्दाख को मिले नए राज्यपाल और उपराज्यपाल

KNEWS DESK- भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को तीन महत्वपूर्ण प्रशासनिक नियुक्तियां की हैं। इन नई नियुक्तियों के तहत हरियाणा और गोवा को नए राज्यपाल मिले हैं, जबकि लद्दाख के लिए नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। यह कदम राष्ट्रपति द्वारा हाल में लिए गए कई अहम फैसलों की श्रृंखला का हिस्सा है।

अनुभवी प्रशासक असीम कुमार घोष को हरियाणा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। घोष ने प्रशासन और सार्वजनिक नीति के क्षेत्र में लंबा कार्यकाल बिताया है और उन्हें एक सक्षम एवं संवेदनशील अधिकारी के रूप में जाना जाता है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री अशोक गजपति राजू को गोवा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राजू भारतीय राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं और पूर्व में नागर विमानन मंत्री रह चुके हैं। उनकी प्रशासनिक पकड़ और राजनीतिक अनुभव गोवा जैसे महत्वपूर्ण राज्य के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ बीजेपी नेता कविंदर गुप्ता को केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख का उपराज्यपाल बनाया गया है। वे जम्मू-कश्मीर विधानसभा के पूर्व डिप्टी सीएम भी रह चुके हैं। इस नियुक्ति के साथ ही मौजूदा उपराज्यपाल ब्रिगेडियर बीडी मिश्रा का इस्तीफा राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है।

राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान के अनुसार, नई नियुक्तियां संबंधित पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होंगी। इससे पहले सभी नियुक्त अधिकारियों को आवश्यक संवैधानिक प्रक्रिया और शपथ ग्रहण समारोह से गुजरना होगा।

गौरतलब है कि इन नियुक्तियों से ठीक एक दिन पहले राष्ट्रपति मुर्मू ने राज्यसभा के लिए चार प्रतिष्ठित व्यक्तियों को मनोनीत किया था:

  • हर्षवर्धन श्रृंगला – भारत के पूर्व विदेश सचिव और राजदूत

  • उज्ज्वल निकम – प्रसिद्ध आपराधिक वकील

  • मीनाक्षी जैन – प्रख्यात इतिहासकार

  • सदानंदन मास्टर – केरल के सम्मानित शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता

ये भी पढ़ें-   बॉक्स ऑफिस पर राजकुमार राव की ‘मालिक’ तीसरे ही दिन धमाल.. वहीं विक्रांत मैसी की ‘आंखों की गुस्ताखियां’ का कैसा हाल?