ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में पहली बार प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन, राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी होंगे शामिल

KNEWS DESK – ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में 9 जनवरी को 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों ही कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह सम्मेलन तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रवासी भारतीय समुदाय के योगदान और उनके प्रभाव पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री मोदी 9 जनवरी को इस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे, जबकि राष्ट्रपति मुर्मू 10 जनवरी को इसका समापन करेंगी।

Pravasi Bharatiya Diwas सम्मेलन की पहली बार मेजबानी कर रहा ओडिशा

 

सम्मेलन की शुरुआत और कार्यक्रम का विवरण

आपको बता दें कि प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन की शुरुआत 8 जनवरी को युवा प्रवासी भारतीय दिवस के साथ होगी, और इसके अगले दिन 9 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 9 जनवरी को सुबह 10 बजे भुवनेश्वर के जनता मैदान में इस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के दो घंटे बाद पीएम मोदी दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, जो खुद ओडिशा से हैं, सम्मेलन में 9 जनवरी को शाम करीब 4:35 बजे भुवनेश्वर पहुंचेंगी। 10 जनवरी को राष्ट्रपति मुर्मू सम्मेलन के समापन समारोह में शामिल होंगी और प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कारों का वितरण करेंगी। कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति दिल्ली लौट जाएंगी।

सम्मेलन में कितने लोग होंगे शामिल?

इस तीन दिवसीय सम्मेलन में 7,500 से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, जिसमें स्थानीय प्रतिभागियों के साथ-साथ प्रवासी भारतीयों का भी प्रतिनिधित्व होगा। कार्यक्रम के दौरान प्रवासी भारतीयों के अद्वितीय योगदान को सम्मानित किया जाएगा और उनके अनुभवों को साझा किया जाएगा।

प्रवासी भारतीय दिवस का इतिहास

प्रवासी भारतीय दिवस की शुरुआत भारत सरकार ने 2002 में की थी, और यह 9 जनवरी को मनाया जाता है। इस दिन को विशेष रूप से इसलिए चुना गया क्योंकि महात्मा गांधी 9 जनवरी 1915 को दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटे थे। गांधी जी ने भारत लौटने के बाद स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व किया, और उनकी यह यात्रा भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के लिए मील का पत्थर साबित हुई। पहले यह दिवस हर साल मनाया जाता था, लेकिन 2015 में इसे द्विवार्षिक (हर दो साल में एक बार) किया गया।

About Post Author