34 दिन बाद जर्मनी से भारत लौटा प्रज्वल रेवन्ना, बेंगलुरु एयरपोर्ट पर SIT ने किया अरेस्ट

KNEWS DESK- कर्नाटक सेक्स स्कैंडल का मुख्य आरोपी प्रज्वल रेवन्ना आखिरकार आज यानी 31 मई को गिरफ्तार हो गया है। बता दें कि प्रज्वल रेवन्ना बीती रात जर्मनी से 34 दिन बाद भारत लौटा। वो बीते 26 अप्रैल को सेक्स स्कैंडल मामला सामने आने के बाद फरार हो गया था। पिता- दादा और परिवार के कई सदस्यों की अपील के बाद वो भारत लौटा।

इस मामले की जांच कर रही एसआईटी ने बेंगलुरु एयरपोर्ट पर कदम रखते ही प्रज्वल रेवन्ना को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद उसे सीआईडी ऑफिस ले जाया गया और आज ही उससे पूछताछ भी की जाएगी। इसी बीच मेडिकल कराने के बाद उसे मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जाएगा। जहां एसआईटी उसका रिमांड और कस्टडी मांग सकती है। वायरल वीडियो में वही है, इसकी जांच के लिए उसके ऑडियो सैंपल भी लिए जाएंगे।

भारत लौटने से पहले कोर्ट भी गया प्रज्वल रेवन्ना

जानकारी के लिए आपको बता दें कि प्रज्वल रेवन्ना ने भारत वापस लौटने से पहले कर्नाटक कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी। उसकी मां याचिका लेकर कोर्ट पहुंची, लेकिन कोर्ट ने याचिका ठुकरा दी। साथ ही कोर्ट ने निर्देश दिया कि प्रज्वल रेवन्ना खुद भारत लौटकर अपने ऊपर लगे आरोपों का सामना करे। बता दें कि प्रज्वल रेवन्ना पर तीन महिलाओं ने यौन शोषण के आरोप लगाए हैं।

वीडियो जारी कर लौटने की दी जानकारी

प्रज्वल रेवन्ना ने भारत वापस लौटने से पहले बीते 27 मई को जर्मनी से एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में उसने कहा कि वो 31 मई को एसआईटी के सामने पेश होगा। साथ ही उसने ये भी कहा कि उस पर लगे सभी आरोप झूठे और निराधार हैं। जो वीडियो वायरल हुए हैं वो उसके नहीं हैं। प्रज्वल रेवन्ना ने इसके आरोप सीधे तौर पर विरोधियों पर लगाए।

प्रज्वल रेवन्ना के दादा ने दी चेतावनी

इस मामले में प्रज्वल रेवन्ना के दादा ने चेतावनी देते हुए कहा कि वो घर लौट आए। खुद पर लगे आरोपों का सामना करे नहीं तो परिवार सहयोग नहीं करेगा। उसे परिवार का विरोध झेलना पड़ सकता है। अगर वो भारत वापस नहीं आया तो परिवार उसे अकेला छोड़ने पर मजबूर हो जाएगा। इस चेतावनी के ठीक 3 दिन बाद प्रज्वल ने भारत वापस लौटने का एक वीडियो जारी किया। जिसमें उसने कहा कि वो 31 मई को एसआईटी के सामने पेश होगा।

ये भी पढ़ें-  शोभिता धुलिपाला आज अपना 32 वां बर्थडे कर रही हैं सेलिब्रेट, जानें एक्ट्रेस से जुड़ी कुछ अनसुनी बातें

About Post Author