‘हम दो, हमारे दो दर्जन’ नारे पर सियासी घमासान, AIMIM नेता शौकत अली के बयान से मचा बवाल

KNEWS DESK – असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली AIMIM के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के एक बयान ने देशभर में नया सियासी विवाद खड़ा कर दिया है। रविवार शाम मुरादाबाद में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए शौकत अली ने जनसंख्या वृद्धि को लेकर विवादित टिप्पणी की और नारा दिया—‘हम दो, हमारे दो दर्जन’। इस बयान के बाद उनकी कड़ी आलोचना हो रही है।

सभा के दौरान शौकत अली ने दावा किया कि उनके आठ बच्चे हैं, जबकि उनके बड़े भाई के 16 बच्चे हैं। उन्होंने मंच से मुसलमानों को ज्यादा से ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जब अल्लाह दे रहा है, तो लेते रहना चाहिए। उनका कहना था कि आबादी बढ़ने से देश कमजोर नहीं बल्कि मजबूत होता है।

अली ने चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की बड़ी जनसंख्या देश की ताकत है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर मुस्लिम समाज की आबादी बढ़े तो इससे लोगों को दिक्कत क्यों होती है। इतना ही नहीं, उन्होंने हिंदुओं को लेकर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि देश को मजबूत बनाने के लिए ज्यादा बच्चे होने चाहिए।

जनसंख्या वाले बयान के अलावा शौकत अली ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल अख्तर का नाम लेते हुए उन्होंने मुरादाबाद में शराब कारोबार से जुड़े होने का आरोप लगाया। वहीं, मॉब लिंचिंग और कथित उत्पीड़न का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने मदरसों के बंद होने, हिजाब खींचे जाने और मुसलमानों की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *