सहरसा की धरती से पीएम मोदी का बिहार को संदेश, “विकास की रफ्तार को और तेज करना है, नारी शक्ति भारत की नई पहचान”

KNEWS DESK- सहरसा में आयोजित एक भव्य जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि बीते वर्षों में बिहार ने विकास की रफ्तार पकड़ ली है, अब इस गति को और आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा — “बिहार में फिर एक बार एनडीए सरकार बनेगी, फिर से सुशासन सरकार आएगी।”

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि बिहार की पहचान केवल ज्ञान और संस्कृति से ही नहीं, बल्कि नारी सम्मान और शक्ति से भी है। उन्होंने माता सीता, देवी भारती और विदुषी गार्गी जैसी महान नारियों का उल्लेख करते हुए कहा — “बिहार की यह भूमि हमेशा से नारी शक्ति का प्रतीक रही है, और आज भारत की बेटियों ने पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन किया है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सभा में भारत की महिला क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप 2025 जीतने पर विशेष बधाई दी। उन्होंने कहा “भारत ने पहली बार महिला क्रिकेट विश्व कप जीता है। यह विजय सिर्फ खेल के मैदान तक सीमित नहीं है, यह भारत की बेटियों के आत्मविश्वास और नई उड़ान का प्रतीक है।”

पीएम मोदी ने कहा कि भारत की बेटियों ने हर क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ाया है “आज हमारी बेटियां फाइटर जेट उड़ा रही हैं, सीमाओं पर देश की रक्षा कर रही हैं, और अंतरिक्ष अभियानों में वैज्ञानिक के रूप में नई ऊँचाइयाँ छू रही हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि आज देश में 1.80 लाख से अधिक स्टार्टअप चल रहे हैं, जिनमें 70 हजार से ज्यादा में महिलाएं नेतृत्व कर रही हैं। यह नई भारत की शक्ति का परिचायक है।