PM मोदी का ऐलान: GST 2.0 से मिडिल क्लास को मिलेगी बड़ी राहत, रोजमर्रा का सामान होगा सस्ता

KNEWS DESK – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में लागू नए GST रिफॉर्म को ऐतिहासिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि GST 2.0 से आम लोगों की जिंदगी आसान हो गई है और इसका सबसे बड़ा फायदा मिडिल क्लास परिवारों को मिलेगा। पीएम मोदी ने कहा कि इससे घर का बजट सुधरेगा और त्योहारों पर लोगों की खुशियां दोगुनी होंगी।

“आजादी के बाद सबसे बड़ा फैसला”

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शिक्षकों से संवाद के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि GST में किया गया यह बदलाव आजादी के बाद का सबसे बड़ा आर्थिक सुधार है। उन्होंने याद दिलाया कि 15 अगस्त को लाल किले से उन्होंने वादा किया था कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म किए जाएंगे और अब सरकार ने वह वादा पूरा कर दिया है।

सिर्फ दो स्लैब रह गए- 5% और 18%

पीएम मोदी ने बताया कि अब GST बेहद सरल हो गया है। पहले जहां कई दरें थीं, वहीं अब केवल दो स्लैब रह गए हैं- 5% और 18%। नई दरें 22 सितंबर, यानी नवरात्र के पहले दिन से लागू होंगी। उन्होंने कहा कि पनीर से लेकर शैम्पू तक रोजमर्रा की कई चीजें सस्ती हो जाएंगी।

कांग्रेस सरकार पर निशाना

पीएम मोदी ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा कि उनके समय में आम आदमी की जेब पर भारी बोझ डाला जाता था। कांग्रेस के दौर में 100 रुपये पर 25 रुपये तक टैक्स लगता था। टॉफी पर 21% और साइकिल पर 17% टैक्स वसूला जाता था। घर बनाना आम लोगों के लिए बेहद मुश्किल था। पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से पहले रसोई के सामान, दवाइयों, जीवन बीमा और खेती से जुड़े उत्पादों तक पर अलग-अलग टैक्स वसूले जाते थे।

त्योहारों पर “डबल धमाका”

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का मकसद लोगों के जीवन में बचत बढ़ाना और सुविधाएं आसान बनाना है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार धनतेरस और दिवाली की रौनक और भी ज्यादा होगी, क्योंकि दर्जनों चीजों पर टैक्स घटा दिया गया है।

पीएम मोदी ने याद दिलाया कि जब 8 साल पहले GST लागू हुआ था, तब दशकों का सपना साकार हुआ था। उन्होंने कहा कि यह आजाद भारत के सबसे बड़े आर्थिक सुधारों में से एक था और अब GST 2.0 के साथ भारत की आत्मनिर्भरता की राह और मजबूत होगी।