KNEWS DESK – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के पर्तगाली (कनकोण) स्थित श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्तम मठ में भगवान श्रीराम की 77 फीट ऊंची विश्व की सबसे बड़ी स्थापित राम प्रतिमा का भव्य अनावरण किया। यह प्रतिमा देश के प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार द्वारा बनाई गई है, जिन्होंने विश्व प्रसिद्ध ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ भी डिजाइन किया था। कांस्य से निर्मित यह प्रतिमा भगवान राम की सबसे ऊंची स्थापित प्रतिमा बन गई है, जो मठ परिसर की शोभा बढ़ा रही है।
अनावरण के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि यह मठ अपनी स्थापना के 550 वर्ष पूरे कर रहा है, और इस लंबे कालखंड में मठ ने आध्यात्मिक मार्गदर्शन का केंद्र बनकर समाज को दिशा दी है। प्रधानमंत्री ने कहा, “बीते 550 वर्षों में समय बदला, युग बदला, लेकिन इस मठ ने अपनी दिशा नहीं खोई। यह संस्था हमेशा लोगों को दिशा देने वाली प्रेरणा शक्ति बनी रही है।”
कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और मठ परिसर के आध्यात्मिक वातावरण से जुड़े। यह मठ देश के सबसे प्राचीन मठवासी संस्थानों में से एक माना जाता है और सारस्वत समुदाय में इसका बेहद महत्वपूर्ण स्थान है।
इतिहास और परंपरा का केंद्र
श्री संस्थान गोकर्ण पर्तगली जीवोत्तम मठ, गौड़ सारस्वत ब्राह्मण समुदाय का पहला वैष्णव मठ माना जाता है। यह मठ 13वीं शताब्दी में जगद्गुरु माधवाचार्य द्वारा स्थापित द्वैत वेदांत परंपरा का अनुयायी है। शांत कुशावती नदी के किनारे स्थित यह मठ सदियों से आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक केंद्र के रूप में प्रतिष्ठित है।
मठ परिसर का जीर्णोद्धार
गोवा के लोक निर्माण विभाग मंत्री दिगंबर कामत ने बताया कि मठ परिसर का व्यापक जीर्णोद्धार किया गया है। प्राचीन संरचनाओं को संरक्षित रखते हुए मठ को आधुनिक स्वरूप दिया गया है, ताकि इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए और अधिक सुदृढ़ और आकर्षक बनाया जा सके।
इस भव्य कार्यक्रम में गोवा के राज्यपाल अशोक गजपति राजू, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।