गोवा में नौसेना के साथ दिवाली मनाएंगे पीएम मोदी, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की जीत को समर्पित होगा यह पर्व

KNEWS DESK- पूरे देश में दिवाली की रौशनी चारों ओर फैली हुई है, और इस उत्सव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल भी अपनी परंपरा को निभाते हुए जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे। इस बार का आयोजन खास है, क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी गोवा के समुद्र तट पर भारतीय नौसेना के जवानों के साथ दीपावली का त्योहार मनाने जा रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, इस आयोजन के पीछे सिर्फ दिवाली का पर्व ही नहीं, बल्कि हाल ही में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता भी एक प्रमुख कारण है। यह ऑपरेशन जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत द्वारा पाकिस्तान पर की गई जवाबी कार्रवाई मानी जा रही है, जिसमें भारत ने निर्णायक बढ़त हासिल की। ऐसे में इस वर्ष की दिवाली जवानों के लिए गौरव और गर्व का प्रतीक बन गई है।

प्रधानमंत्री मोदी 2014 में पदभार संभालने के बाद से हर वर्ष सीमाओं पर तैनात जवानों के साथ दिवाली मनाते रहे हैं। मिठाई बांटना, दीप जलाना और सैनिकों का मनोबल बढ़ाना – पीएम मोदी की दिवाली अब सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा को समर्पण का प्रतीक बन चुकी है।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने देशवासियों से स्वदेशी अपनाने की अपील करते हुए एक वीडियो संदेश साझा किया था। उन्होंने कहा, “इस दिवाली पर 140 करोड़ भारतीयों की मेहनत और इनोवेशन का जश्न मनाएं। भारतीय उत्पादों को अपनाएं और गर्व से कहें – ‘ये स्वदेशी है!’” उन्होंने लोगों से यह भी आग्रह किया कि वे जो भी स्वदेशी सामान खरीदें, उसे सोशल मीडिया पर साझा करें ताकि अन्य लोग भी प्रेरित हों।

जहां एक ओर प्रधानमंत्री गोवा में समुद्री सीमा की रक्षा कर रहे नौसैनिकों के साथ त्योहार मना रहे हैं, वहीं देश के अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों में भी हमारे जांबाज़ सैनिक दिवाली को अपने खास अंदाज़ में मना रहे हैं। बॉर्डर पर गूंज रहे हैं ‘भारत माता की जय’ के नारे, और हर दीपक में एक वीरता की कहानी जल रही है।

जवानों के लिए ये दिवाली सिर्फ रौशनी की नहीं, बल्कि विजय और सम्मान की भी है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद यह पहली दिवाली है, और सैनिकों के लिए यह एक स्मरणीय क्षण बन गया है।