PM मोदी ने मंच से किया ऐलान, कहा- ‘नितिन नबीन जी मेरे बॉस हैं,’

KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बधाई दी। पीएम ने कहा कि भाजपा के संगठन की सबसे छोटी इकाई से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक की प्रक्रिया शत-प्रतिशत लोकतांत्रिक तरीके से पूरी हुई और आज इसका औपचारिक समापन हुआ है।

पीएम मोदी ने इस अवसर पर पार्टी के संगठनात्मक ढांचे की तारीफ करते हुए कहा कि बीते डेढ़ साल में भाजपा ने कई महापर्व मनाए हैं, जिनमें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती, अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जन्म जयंती और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 वर्ष शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये प्रेरणाएं देश के लिए समर्पित रहने के संकल्प को मजबूत करती हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा का नेतृत्व परंपरा से चलता है, अनुभव से समृद्ध होता है और जनसेवा-राष्ट्रसेवा के भाव से संगठन को आगे बढ़ाता है।

पीएम मोदी ने भाजपा के विकास के सफर को याद करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में भाजपा ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। इस सदी में एम. वेंकैया नायडू और नितिन गडकरी जैसे नेताओं के साथ कई वरिष्ठ सहयोगियों ने संगठन का विस्तार किया।

उन्होंने बताया कि राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भाजपा ने पहली बार पूर्ण बहुमत हासिल किया, और अमित शाह के नेतृत्व में कई राज्यों में सरकारें बनीं और केंद्र में लगातार दूसरी बार सत्ता में आई। इसके बाद जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा ने पंचायत से लेकर संसद तक हर स्तर पर संगठन को मजबूत किया।

पीएम मोदी ने नितिन नबीन को पार्टी का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई देते हुए कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा आगे बढ़ेगी। उन्होंने खासतौर पर कहा, “नितिन नबीन जी मेरे बॉस हैं, मैं उनका कार्यकर्ता हूं।”

नितिन नबीन ने आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाल लिया है और पार्टी में उनका औपचारिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और कार्यकर्ताओं ने नई नेतृत्व के प्रति अपनी उम्मीदों और समर्थन को व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *