ईद पर पीएम मोदी ने बहरीन के किंग को दी बधाई, वैश्विक हमलों की निंदा के साथ सुरक्षा पर जताई गंभीर चिंता

डिजिटल डेस्क- ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बहरीन के किंग हमद बिन ईसा अल खलीफा और वहां की जनता को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच टेलीफोन पर अहम बातचीत भी हुई, जिसमें पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस बातचीत की जानकारी साझा करते हुए कहा कि बहरीन के किंग के साथ उनकी सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने ईद के मौके पर बहरीन की जनता के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। साथ ही दोनों नेताओं ने क्षेत्र में जारी तनाव के प्रभावों को लेकर चिंता व्यक्त की।

श्विक खाद्य, ईंधन और उर्वरक सुरक्षा पर नकारात्मक प्रभाव को किया रेखांकित

बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में पश्चिम एशिया में ऊर्जा और नागरिक बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस तरह के हमलों के गंभीर और दूरगामी परिणाम होते हैं, जो केवल क्षेत्र तक सीमित नहीं रहते, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी असर डालते हैं। पीएम मोदी ने विशेष रूप से वैश्विक खाद्य, ईंधन और उर्वरक सुरक्षा पर इन हमलों के नकारात्मक प्रभाव को रेखांकित किया। प्रधानमंत्री ने समुद्री मार्गों की सुरक्षा और नौवहन की स्वतंत्रता के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार और वैश्विक स्थिरता के लिए यह बेहद जरूरी है कि शिपिंग लाइनों को खुला और सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने इस बात को दोहराया कि समुद्री रास्तों में किसी भी प्रकार का व्यवधान पूरी दुनिया की सप्लाई चेन को प्रभावित कर सकता है।

बहरीन किंग का किया आभार व्यक्त

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने बहरीन में रह रहे भारतीय समुदाय के प्रति वहां की सरकार के सहयोग और समर्थन के लिए किंग हमद बिन ईसा अल खलीफा का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय दोनों देशों के बीच मजबूत रिश्तों की अहम कड़ी है। गौरतलब है कि यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है। 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इज़राइल के हमलों के बाद हालात और बिगड़ गए थे। इसके बाद ईरान ने कई खाड़ी देशों को निशाना बनाया, जिससे पूरे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ गई। बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री मोदी और बहरीन के किंग के बीच यह दूसरी बातचीत है, जो भारत की सक्रिय कूटनीतिक भूमिका को दर्शाती है। भारत लगातार क्षेत्र में शांति, स्थिरता और संवाद को बढ़ावा देने की दिशा में प्रयास कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *