कोलकाता में पीएम मोदी का TMC पर हमला, कहा – बंगाल से महाजंगलराज का अंत तय

KNEWS DESK – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में आयोजित एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल के विकास से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क, रेलवे और पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत की और कहा कि इससे पश्चिम बंगाल और पूरे पूर्वी भारत के विकास को नई गति मिलेगी।

‘पूर्वी भारत के विकास का नया अध्याय’

प्रधानमंत्री ने कहा कि कोलकाता की धरती से आज पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। इन परियोजनाओं से व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही लाखों लोगों के लिए रोजगार और बेहतर सुविधाओं के अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि देश में रेलवे को आधुनिक बनाने का अभियान तेजी से चल रहा है और केंद्र सरकार चाहती है कि पश्चिम बंगाल भी इस विकास यात्रा में पीछे न रहे। इसी उद्देश्य से राज्य में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार पर तेजी से काम किया जा रहा है।

टीएमसी सरकार पर तीखा हमला

सभा के दौरान पीएम मोदी ने तृणमूल कांग्रेस और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में बदलाव की लहर अब साफ दिखाई देने लगी है।

पीएम मोदी ने कहा, “बंगाल में बदलाव अब दीवारों पर भी लिखा जा चुका है और लोगों के दिलों में भी बस चुका है। अब बंगाल से निर्मम सरकार का अंत होकर रहेगा और महाजंगलराज भी खत्म होगा।”

‘फिर लौटेगा कानून का राज’

प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में जल्द ही कानून का राज लौटेगा और किसी भी अत्याचारी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार अपनी कुर्सी जाती देख घबराई हुई है, लेकिन जनता परिवर्तन के लिए तैयार है।

उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल में बदलाव की जो लहर उठी है, उसे कोई भी ताकत नहीं रोक सकती और राज्य में एक नए दौर की शुरुआत होने वाली है।

रैली रोकने की कोशिश का आरोप

पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि उनकी रैली को रोकने के लिए राज्य सरकार ने कई तरह की बाधाएं पैदा कीं। उन्होंने कहा कि लोगों को सभा में आने से रोकने के लिए पुल बंद किए गए, गाड़ियों को रोका गया और ट्रैफिक जाम करवाया गया।

इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने पर उन्होंने कहा कि यह जनसैलाब साबित करता है कि जनता बदलाव चाहती है और विकास के लिए भाजपा के साथ खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *