डिजिटल डेस्क- पटना में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बिहार के कृषि मंत्री एवं वरिष्ठ नेता रामकृपाल यादव के समधी के घर पर देर रात हमला कर दिया गया। इस हमले में फायरिंग, तलवारबाजी और लाठी-डंडों के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई है। घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। यह घटना राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र के व्यापुर पूर्वी गली इलाके में शुक्रवार देर रात हुई। प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावरों ने पहले फायरिंग की और फिर तलवार एवं लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने करीब 15 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हमला होते ही दुबके आसपास के लोग, फैली दहशत
पीड़ित परिवार ने बताया कि हमले में मुकेश, दीपक, प्रिंस और उनके साथ कुछ अन्य लोग शामिल थे। हमलावरों ने अचानक घर पर धावा बोल दिया और हिंसक तरीके से हमला किया। फायरिंग के बाद तलवार और डंडों से भी हमला किया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना के दौरान आसपास के लोग भी भयभीत होकर अपने घरों में दुबक गए। इस हमले में घायल हुए लोगों में राजेंद्र प्रसाद के पुत्र राजेश कुमार उर्फ पप्पू, स्वर्गीय भूपेंद्र सिंह के पुत्र मनीष उर्फ गुड्डू और नीतीश उर्फ बबलू शामिल हैं। घायलों में से मनीष और नीतीश का इलाज एम्स पटना में चल रहा है, जबकि राजेश कुमार को दानापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना का वीडियो आया सामने
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से कई खोखे भी बरामद हुए हैं, जो फायरिंग की पुष्टि करते हैं। इसके अलावा, घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गोली चलने और अफरा-तफरी की स्थिति साफ देखी जा सकती है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बिहार पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।