डिजिटल डेस्क- लखनऊ में उत्तर प्रदेश भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और महाराजगंज से सांसद पंकज चौधरी ने यूपी भाजपा अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। चार सेट में दाखिल इस नामांकन के साथ ही उनका निर्विरोध अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। औपचारिक ऐलान भले ही कल किया जाएगा, लेकिन पार्टी सूत्रों के अनुसार अब इस पद पर किसी और नाम की संभावना नहीं बची है। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य खुद पंकज चौधरी के प्रस्तावकों में शामिल रहे। इससे यह स्पष्ट संदेश गया कि पार्टी नेतृत्व पूरी तरह उनके नाम पर सहमत है। प्रदेश संगठन के भीतर भी पंकज चौधरी के नाम पर सहमति बनने के बाद चुनाव प्रक्रिया महज औपचारिकता रह गई है।
पूर्वांचल को फिर बड़ी जिम्मेदारी, मेगा इवेंट में होगा ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाद अब यूपी भाजपा अध्यक्ष भी पूर्वांचल से होने जा रहा है। महाराजगंज से सांसद पंकज चौधरी का नाम सामने आने के बाद यह संकेत भी मिल रहा है कि भाजपा संगठन में क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखा गया है। पंकज चौधरी आज दिल्ली से लखनऊ पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया पूरी करेंगे और कल 14 दिसंबर को औपचारिक रूप से उनके नाम की घोषणा कर दी जाएगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की घोषणा का कार्यक्रम लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित किया जाएगा। पार्टी इसे मेगा इवेंट के तौर पर आयोजित करने की तैयारी में है। इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला को सौंपी गई है।
केशव प्रसाद मौर्य और संजय राय को दी गई नामांकन की जिम्मेदारी
नामांकन और घोषणा से जुड़े कार्यक्रमों को लेकर शनिवार और रविवार को सिलसिलेवार बैठकें हुईं। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश महामंत्री संजय राय को नामांकन कार्यक्रम की जिम्मेदारी दी गई थी। वहीं, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और दोनों डिप्टी सीएम के साथ अहम बैठक हुई, जिसमें केंद्रीय संगठन के निर्देशों और चुनाव प्रक्रिया पर चर्चा की गई। प्रदेश भाजपा कार्यालय में गुरुवार रात चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद से लगातार हलचल बनी रही। शुक्रवार को दिनभर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की आवाजाही जारी रही। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर कई नाम चर्चा में आए, जिनमें रेखा वर्मा और साध्वी निरंजन ज्योति के नाम भी शामिल रहे, लेकिन अंततः सहमति पंकज चौधरी के नाम पर बन गई।
464 मतदाताओं की सूची की गयी तय
चुनाव प्रक्रिया के तहत प्रदेश भाजपा कार्यालय में 464 मतदाताओं की सूची तय की गई है। इसमें प्रदेश परिषद सदस्य, पांच सांसद और 34 विधायक शामिल हैं। भाजपा के नियमों के अनुसार विधायकों और सांसदों का एक निर्धारित प्रतिशत ही मतदाता सूची में शामिल किया जाता है। केंद्रीय चुनाव अधिकारी के रूप में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल प्रदेश अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा करेंगे।