OPD बंद, मरीज परेशान…उत्तर प्रदेश समेत आज देशभर में डॉक्टरों की हड़ताल

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश समेत देशभर में आज रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर हैं| देश के सभी सरकारी अस्पतालों में ओपीडी, सर्जरी और लैब का काम रेजिडेंट डॉक्टर ही देखते हैं| ऐसे में रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं|

कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ रेप और हत्या (Kolkata Rape Murder Case) के खिलाफ उत्तर प्रदेश समेत देशभर में डॉक्टरों का गुस्सा फूट रहा है। देश के बड़े सरकारी अस्पतालों में रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल के बाद अब इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने आज यानी शनिवार को 24 घंटे काम बंद का ऐलान किया है। ऐसे में शनिवार को सभी सरकारी और निजी अस्पतालों की ओपीडी बंद रहेगी।

उत्तर प्रदेश के 4 हजार से ज्यादा डॉक्टरों की हड़ताल, OPD समेत मेडिकल की कई सेवाएं प्रभावित

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने केंद्रीय कानून बनाने और अस्पतालों को अनिवार्य सुरक्षा अधिकारों के साथ सुरक्षित क्षेत्र घोषित करने की मांग की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आईएमए की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया कि हड़ताल के दौरान आपातकालीन सेवाएं छोड़कर सभी अस्पताल काम बंद रखेंगे।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आईएमए की एक्शन कमेटी के चेयरमैन डॉ. विनय अग्रवाल ने कहा कि हमारी मांग है कि जिस महिला डॉक्टर की हत्या हुई, उनको न्याय मिले। डॉक्टरों को हिंसा से बचाने के लिए केंद्रीय कानून बनाया जाए और अस्पतालों को सुरक्षित क्षेत्र घोषित किया जाए। उन्होंने कोलकाता अस्पताल में हुई तोड़फोड़ की भी निंदा की। आईएमए के मुताबिक, आज सुबह 6 बजे से कल यानी रविवार को सुबह 6 बजे तक डॉक्टरों की हड़ताल चलेगी। इस दौरान अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी, लेकिन ओपीडी के साथ बाकी सेवाएं बंद रहेंगी। इस हड़ताल का असर ना सिर्फ सरकारी बल्कि प्राइवेट अस्पतालों पर भी देखने को मिलेगा।

ये भी पढ़ें-  जम्मू-कश्मीर की डल झील में बनेंगे पोलिंग बूथ, सभी मतदाताओं को वोट डालने का मिलेगा अधिकार

About Post Author