KNEWS DESK – महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद जहां पूरा देश शोक में है, वहीं इस हादसे को लेकर जांच की मांग तेज होती जा रही है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस दुर्घटना को केवल एक हादसा मानने से इनकार करते हुए उच्च स्तरीय और पारदर्शी जांच की मांग की है।
ममता बनर्जी ने इस मामले में गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि अजित पवार की मौत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, जिसकी निगरानी सीधे सुप्रीम कोर्ट करे। उन्होंने संकेत दिए कि अजित पवार सत्ताधारी गठबंधन महायुति से दूरी बना रहे थे। ममता ने कहा, “वह सत्ता पक्ष के साथ थे, लेकिन यह चर्चा थी कि वह बीजेपी से अलग हो सकते हैं। ऐसे में अचानक हुआ यह हादसा संदेह पैदा करता है।” उन्होंने शरद पवार और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं जताते हुए कहा कि वह इस खबर से बेहद आहत हैं।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया और कहा कि एक कद्दावर नेता का इस तरह जाना देश के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने मांग की कि विमान क्रैश के तकनीकी और अन्य सभी पहलुओं की गहन जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
इस बीच महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अजित पवार को भावुक श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उन्हें “कर्मठ और अनुशासित योद्धा” बताते हुए कहा कि अजित पवार समय के पाबंद और काम के प्रति पूरी तरह समर्पित नेता थे। शिंदे ने कहा कि हादसे की जांच जरूर होगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।