डिजिटल डेस्क- साल 2025 का नोबेल पुरस्कार रसायन विज्ञान में जापान के सुसुमु कितागावा, ऑस्ट्रेलिया के रिचर्ड रॉबसन और अमेरिका के ओमर एम. यागी को दिया गया है। स्वीडिश रॉयल एकेडमी ऑफ साइंसेज ने यह प्रतिष्ठित सम्मान इन्हें मेटल-ऑर्गैनिक फ्रेमवर्क्स (MOFs) के विकास के लिए प्रदान किया। MOFs ऐसे क्रिस्टलीय पदार्थ हैं जो धातु आयनों और ऑर्गैनिक अणुओं के संयोजन से बनते हैं और इनका छिद्रयुक्त ढांचा इन्हें गैसों, तरल पदार्थों और अणुओं को संग्रहीत और शुद्ध करने में सक्षम बनाता है।
पर्यावरण शुद्धिकरण और गैस पृथक्करण ला सकती है क्रांति
रॉयल एकेडमी के अनुसार, इस खोज ने रसायन विज्ञान और सामग्री विज्ञान दोनों में नए आयाम खोले हैं। MOFs का उपयोग ऊर्जा भंडारण, पर्यावरण शुद्धिकरण, दवा वितरण और गैस पृथक्करण जैसे क्षेत्रों में क्रांति लाने के लिए किया जा सकता है। इनके व्यापक अनुप्रयोगों और बहुपरत प्रभाव के कारण इन्हें नोबेल पुरस्कार के योग्य माना गया।
चिकित्सा में तीन लोगों को सयुंक्त रूप से मिला पुरस्कार
साल 2025 के पहले नोबेल पुरस्कार की घोषणा सोमवार को की गई थी। चिकित्सा क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार मैरी ई. ब्रुनको, फ्रेड रामस्डेल और डॉ. शिमोन सकागुची को परिधीय प्रतिरक्षा सहिष्णुता से संबंधित उनकी महत्वपूर्ण खोजों के लिए प्रदान किया गया। वहीं मंगलवार को भौतिकी के नोबेल पुरस्कार की घोषणा हुई, जिसमें जॉन क्लार्क, मिशेल एच. डेवोरेट और जॉन एम. मार्टिनिस को उप-परमाणु क्वांटम टनलिंग पर उनके शोध के लिए सम्मानित किया गया।
2024 तक कुल 195 लोगों को मिला है पुरस्कार
इतिहास की दृष्टि से देखें तो 1901 से 2024 तक रसायन विज्ञान में 116 पुरस्कार 195 व्यक्तियों को दिए गए हैं। वर्ष 2024 का पुरस्कार सिएटल स्थित वाशिंगटन विश्वविद्यालय के जैव रसायन शास्त्री डेविड बेकर और लंदन स्थित गूगल डीपमाइंड के कंप्यूटर वैज्ञानिक डेमिस हसाबिस और जॉन जम्पर को दिया गया था।
पुरस्कार वितरण समारोह 10 दिसंबर को होगा आयोजित
नोबेल पुरस्कार समारोह 10 दिसंबर को आयोजित होगा, जो पुरस्कार के संस्थापक और डायनामाइट के आविष्कारक अल्फ्रेड नोबेल की पुण्यतिथि भी है। अल्फ्रेड नोबेल का निधन 1896 में हुआ था और उनकी इच्छा के अनुसार नोबेल पुरस्कार विज्ञान, साहित्य और शांति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को दिया जाता है।
अन्य पुरस्कारों की घोषणा अगली तिथियों को होगी
गौरतलब है कि इस साल साहित्य, शांति और अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार की घोषणा क्रमशः गुरुवार, शुक्रवार और अगले सोमवार को की जाएगी। रसायन विज्ञान में इस साल का पुरस्कार उन वैज्ञानिकों के लिए एक बड़ा सम्मान है, जिन्होंने MOFs के माध्यम से रसायन विज्ञान और तकनीकी अनुप्रयोगों में नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं।