सीएम बनने के बाद सामने आई नीतीश कुमार की पहली प्रतिक्रिया, कहा- ‘जहां थे वहीं आ गए…’, JP नड्डा ने भी किया रिएक्ट

KNEWS DESK- बिहार की सत्ता में एक बार फिर परिवर्तन हो गया है| नीतीश कुमार ने आज 9वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली| नीतीश कुमार के साथ भाजपा के दो दिग्गज नेता सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने भी डिप्टी सीएम पद की शपथ ली| इस दौरान बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और कई बड़े नेता मौजूद रहे| वहीं अब सीएम बनने के बाद नीतीश कुमार ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी|

सीएम बनने के बाद नीतीश कुमार ने पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पहले भी थे तो बीच में कहीं गए कि हमारी पार्टी के लोगों को लग रहा था कि ये तय हो गया अब सब इनके ही साथ रहेंगे| उन्होंने कहा कि अभी आठ लोगों ने शपथ ली है| मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द होगा| नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के हित में काम करते हैं, बिहार को आगे बढ़ाएंगे| अब तो मुक्ति मिल गई| जहां थे वहीं आ गए, अब फिर इधर उधर जाने का सवाल नहीं है|

नीतीश कुमार के नौवीं बार शपथ लेने के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जेडीयू का एनडीए में स्वागत किया है| शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद जेपी नड्डा ने कहा कि नीतीश कुमार और जेडीयू का असली गठबंधन एनडीए के साथ ही था| 2020 में जनता ने हमारे गठबंधन को ही बहुमत दिया था और अब एक बार फिर से हम जनता की सेवा करेंगे| उन्होंने कहा कि बिहार का विकास केवल और केवल एनडीए और डबल इंजन की सरकार ही कर सकती है|

नीतीश कुमार जहां बार बार बदलते हैं सरकार, उस 'गरीब बिहार' के ये हैं टॉप 5 करोड़पति विधायक | CM Nitish Kumar Poor Bihar Have These Top 5 Crorepati Millionaire MLA | TV9 Bharatvarsh

प्रेस कांफ्रेंस में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा- नई एनडीए सरकार बिहार के उज्जवल भविष्य के लिए काम करेगी| यहां जब-जब हमारी सरकार बनती है, तब यहां कानून व्यवस्था में सुधार आता है| अपराध और अपराधियों पर काबू पाया जाता है| लोगों को रोजगार मिलता है| आगामी लोकसभा चुनाव में यहां की जनता एक बार फिर से हमें चुनेगी और 2019 से भी ज्यादा सीटें जिताकर सांसदों को दिल्ली भेजेगी|

वहीं जेपी नड्डा ने इंडिया गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि यह गठबंधन केवल बातों में ही संभव हो सकता है| असल में यह गठबंधन जनता के लिए नहीं बल्कि अपने परिवारों और संपत्तियों को बचाने के लिए बनाया गया है लेकिन चुनाव आते-आते यह भी बिखर जाएगा|  जेपी नड्डा ने कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर भी हमला बोला| उन्होंने कहा कि इससे पहले भारत जोड़ो यात्रा की गई थी, जिसका कोई परिणाम नहीं निकला| अब यह अन्याय यात्रा निकल रही है| इसका भी कोई परिणाम नहीं निकलकर आएगा|

उन्होंने कहा कि इस गठबंधन के नेताओं की आपस में ही नहीं बन रही है| पश्चिम बंगाल में टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी को देख लीजिये या फिर पंजाब में आम आदमी पार्टी को देखिए| यहां किसी की भी आपस में नहीं बन रही है| बस अपने परिवारों को भ्रष्टाचार से बचाने के लिए एक साथ आए हुए हैं|

About Post Author