KNEWS DESK – बिहार की राजनीति में आज बड़ा दिन रहा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में नीतीश कुमार ने गुरुवार को रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह पटना में आयोजित हुआ, जहां मंच पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे।
दोनों डिप्टी सीएम ने फिर संभाली जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री के बाद सबसे पहले सम्राट चौधरी ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद विजय सिन्हा ने शपथ ग्रहण किया। दोनों लगातार दूसरी बार उपमुख्यमंत्री बने हैं। नई कैबिनेट में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ कुल 26 मंत्रियों ने शपथ ली, जिनमें जेडीयू और बीजेपी के साथ-साथ सहयोगी दलों के सदस्य भी शामिल हैं।
जेडीयू ने इस बार भी अपने पुराने विश्वस्त नेताओं पर भरोसा कायम रखा है। मंत्री बनने वालों में विजय चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, जमा खान, सुनील कुमार, जयंत राज और नितिन नवीन (नाम जेडीयू की चर्चाओं में भी था) में शामिल हैं| वहीं नई सरकार में बीजेपी कोटे से सबसे अधिक 17 मंत्री शामिल होंगे। शपथ लेने वालों में सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, श्रेयसी सिंह, राम निषाद, सुरेंद्र मेहता, मंगल पांडे, नितिन नवीन, नारायण प्रसाद, राम कृपाल, संजय सिंह टाइगर, प्रमोद कुमार,अरुण शंकर, दिलीप जायसवाल, संजय कुमार और दीपक प्रकाश प्रमुख नाम हैं| सूत्रों के अनुसार, स्पीकर का पद भी बीजेपी के पास ही रहेगा।
एनडीए के अन्य घटक दलों के बीच भी मंत्री पदों का बंटवारा तय हुआ| एलजेपी (आर) कोटे से 2 मंत्री बनाए जाएंगे। हम (HAM) से 1 मंत्री—जिसमें जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन का नाम तय माना जा रहा है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) से 1 मंत्री—संभावना है कि उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को स्थान मिले।
शपथ से पहले चली फोन की राजनीति
शपथ ग्रहण से कुछ घंटे पहले कई नेताओं के फोन लगातार बजते रहे। सूत्रों के मुताबिक निम्न नेताओं को मंत्री बनने के लिए कॉल आया| (जेडीयू) विजय चौधरी, श्रवण कुमार, विजेंद्र यादव, अशोक चौधरी, मदन सहनी, जमा खान, लेशी सिंह वहीं (बीजेपी) सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, श्रेयसी सिंह, मंगल पांडे, नितिन नवीन, संजय टाइगर, प्रमोद चंद्रवंशी आदि|