डिजिटल डेस्क- भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार के कद्दावर नेता नितिन नबीन को निर्विरोध बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। उनके नाम की औपचारिक घोषणा मंगलवार सुबह 11:30 बजे की जाएगी। इस चुनाव में नितिन नबीन के समर्थन में कुल 37 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जिससे यह साफ हो गया कि पार्टी नेतृत्व में उनके नाम पर व्यापक सहमति बनी हुई है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक चली। इस दौरान नितिन नबीन के पक्ष में 37 सेट नामांकन पत्र जमा किए गए। रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. के. लक्ष्मण ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी नामांकन पत्रों की गहन जांच की गई और वे पूरी तरह से वैध पाए गए। नामांकन वापस लेने की तय समय-सीमा समाप्त होने के बाद, यह स्पष्ट हो गया कि अध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही नामांकन वैध रूप से शेष है, जिसके चलते नितिन नबीन को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया।
16 जनवरी को जारी की गई थी चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना
डॉ. के. लक्ष्मण के अनुसार, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पार्टी संविधान के तहत पूरी की गई। नियमों के मुताबिक, यह प्रक्रिया तब शुरू की जाती है जब देश के कम से कम 50 प्रतिशत राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव संपन्न हो जाए। वर्तमान में देश के 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में से 30 में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव पूरा हो चुका है, जो निर्धारित मानक से कहीं अधिक है। इसी के आधार पर 16 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई थी।
पिछले महीने ही नियुक्त हुए थे राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
गौरतलब है कि नितिन नबीन को इससे पहले 14 दिसंबर 2025 को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। बिहार सरकार में मंत्री रह चुके नितिन नबीन पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। 45 वर्षीय नबीन को संगठन और सरकार दोनों का लंबा अनुभव है। वे तीन बार बिहार सरकार में मंत्री रहे हैं और छत्तीसगढ़ में बीजेपी के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा वे बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री जैसे अहम पदों पर भी कार्य कर चुके हैं।
जेपी आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ भाजपा नेता के पुत्र हैं नितिन नबीन
नितिन नबीन का जन्म 23 मई 1980 को झारखंड की राजधानी रांची में हुआ था। वे वरिष्ठ बीजेपी नेता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं, जो जेपी आंदोलन से जुड़े रहे और बीजेपी के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। पिता के निधन के बाद नितिन नबीन ने सक्रिय राजनीति में कदम रखा और 2006 में पहली बार विधायक बने। इसके बाद उन्होंने 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज की।